PRAYAGRAJ. शहर में बढ़ते डेंगू के मामलों के बीच लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक हॉस्पिटल में मरीज को ब्लड प्लाज्मा की जगह मौसम्बी का जूस चढ़ाने का आरोप लगा है। मामला सामने आने पर जांच बैठा दी गई है। पदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि दोषियों पर सख्त एक्शन लिया जायगा।
लापरवाहीं का यह मामला प्रयागराज के झलवा में मौजूद ग्लोबल हॉस्पिटल का बताया जा रहा है। यहां भर्ती डेंगू के मरीज को ब्लड प्लाज्मा की जगह मौसम्बी फल का जूस चढ़ा दिया गया। यह भी दावा किया जा रहा है कि इसके बाद मरीज की मौत भी हो गई है। हालांकि, प्रशासन ने मौत की पुष्टि नहीं की है। इससे जुड़ा एक वीडियो ट्विटर पर भी चल रहा है.
प्रयागराज में मानवता शर्मसार हो गयी।
एक परिवार ने आरोप लगाया है कि झलवा स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल ने डेंगू के मरीज प्रदीप पांडेय को प्लेटलेट्स की जगह मोसम्मी का जूस चढ़ा दिया।
मरीज की मौत हो गयी है।
इस प्रकरण की जाँच कर त्वरित कार्यवाही करें। @prayagraj_pol @igrangealld pic.twitter.com/nOcnF3JcgP
— Vedank Singh (@VedankSingh) October 19, 2022
आईजी प्रयागराज राकेश सिंह ने इस मामले पर कहा कि डेंगू मरीजों को फर्जी प्लाज्मा सप्लाई किए जाने की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछतांछ भी की जा रही है। आईजी ने बताया कि कुछ दिन पहले पुलिस ने फर्जी ब्लड बैंक का भी भंडाफोड़ किया था। मरीज को प्लाज्मा की जगह सप्लाई की गई चीज मौसम्बी फल का जूस है या नहीं इसपर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। यह जांच के बाद ही साफ़ हो पाएगा।
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक कहा कि CMO के साथ एक टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। बता दें कि डेंगू के मरीजों की संख्या शहर में तेजी से बढ़ रही है। आंकड़ों के अनुसार डेंगू मरीजों की संख्या 500 के करीब पहुंच गई है।



































