RAIPUR. राज्य सरकार ने दीपावली के पहले प्रदेश के अधिकारियों-कर्मचारियों को सौगात दी है। सरकार ने डीए (महंगाई भत्ता) में 5 प्रतिशत की वृद्धि की है। बता दें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पास ही वित्त विभाग का जिम्मा है। उनके निर्देश पर वित्त विभाग ने डीए में बढ़ोतरी का आदेश जारी कर दिया है। अक्टूबर माह से ही डीए की बढ़ी हुए दर लागू हो जाएगी। बढ़े हुए डीए की राशि का नगद भुगतान 1 अक्टूबर 2022 से किया जाएगा।

प्रदेश में सातवें वेतनमान से वेतन पाने वाले कर्मचारियों को डीए में पांच प्रतिशत की वृद्धि के बाद 33 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। महंगाई भत्ते में वृद्धि का यह आदेश यूजीसी, एआईसीटीई और आकस्मिकता से वेतन पाने वाले कर्मचारियों के लिए भी लागू होगा।

वहीं छटवें वेतनमान से वेतन पाने कर्मचारियों के भत्ते में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। अब उन्हें 189 प्रतिशत महंगाई भत्ते की जगह 201 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। वित्त विभाग ने राज्य शासन के सभी विभागों, अध्यक्ष, राजस्व मंडल बिलासपुर, सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को महंगाई भत्ते में वृद्धि के संबंध में परिपत्र जारी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों को अगस्त-2022 से 28 प्रतिशत की दर से डीए का भुगतान किया जा रहा था। वहीं छटवें वेतनमान वालों को 189 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा था।






































