तीरंदाज, दुर्ग। पुलिस कर्मियों के काम से हम सभी परिचित है। उनके काम का कोई समय नहीं होता। कहने को तो सरकारी कर्मचारी हैं लेकिन काम के मामले में यह सरकारी कर्मचारियों से अलग हैं। पुलिस कर्मियों को छुटिटयों की बड़ी समस्या रहती है। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एसपी अभिषेक पल्लव ने एक खास पहल की है। एसपी ने पुलिस कर्मियों को उनके जन्मदिन पर अवकाश देने का निर्णय लिया है।

दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ का पहला जिला है जहां पर पुलिस कर्मियों को उनके जन्मदिन पर छुट्टी दी जा रही है। इससे पहले एसपी अभिषेक पल्लव ने जिले में पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने का निर्णय भी लिया था। यानी पूरे प्रदेश में दुर्ग जिला एकमात्र ऐसा जिला है जहां पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश के अलावा जन्मदिन पर भी छुट्टी मिल रही है। एसपी पल्लव के आदेश के बाद इस पर अमल भी शुरू कर दिया गया और पुलिस कर्मियों का अपने जन्मदिन पर छुट्टी मिलने लगी है।

दुर्ग एसपी डॉ पल्लव के इस आदेश के बाद अब किसी भी पुलिस कर्मी को ड्यूटी पर रहते हुए अपने परिवार से दूर केक काटने मजबूर नहीं होना पडेगा। इस आदेश के बाद पूरे कर्मचारी खुश हैं और अपने कप्तान को धन्यवाद दे रहे हैं। बता दें राज्य शासन के दवारा पूर्व में ही पुलिसकर्मियों अधिकारियां को एक दिन के साप्ताहिक अवकाश की घोषणा की गई है लेकिन उसका पालन भी नहीं हो पा रहा था।

कम होगा पुलिस कर्मियों का मानिसक तनाव
जन्मदिन पर भी छुट्टी का आदेश कर्मियों के मानसिक तनाव को कम करेगा। दुर्ग जिले में कुल 2054 पुलिस कर्मचारी अधिकारी पदस्थ हैं। देखा जा रहा था कि जन्मदिन के अवसर पर भी पुलिस कर्मियों को काम पर रहना पड़ता था। ड्यूटी पर ही उनके साथी कर्मचारी केक काटकर जन्मदिन मनाया करते थे ऐसे में परिवार को वे समय नहीं दे पाते थे। एसपी डॉ पल्लव का यह आदेश प्रदेश के लिए मॉडल साबित होगा।

ताकि परिवार के साथ मना सके जन्मदिन : डॉ अभिषेक पल्लव
दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव का कहना है कि जन्मदिन विशेष मौका होता है और इसमें पुलिस कर्मियों को छुट्टी मिलना उनके लिए काफी बेहतर साबित हो सकता है। कुछ दिन पहले एक यातायात पुलिस कर्मी को अपने साथी कर्मियों के साथ जन्मदिन मनाते देखने के बाद इसका विचार आया। अब दुर्ग जिले में जन्मदिन पर पुलिस कर्मियों को अवकाश दिया जा रहा है जिससे के वे अपने परिवार के साथ जन्मदिन मना सके।





































