तीरंदाज न्यूज। फिलीपींस में गुरुवार को देविंदर बंबिहा गिरोह के एक सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फिलीपींस पुलिस ने बताया कि मनदीप सिंह धालीवाल उर्फ परधान सुबह करीब 11.20 बजे बरंगे एनबीबीएन में दक्षिण की ओर एक काली मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इसी दौरान एक आरोपित ने उनकी पीठ में तीन गोलियां मारी।

फिलीपींस की समाचार रिपोर्टों में कहा गया है कि मेट्रो मनीला के नवोटास में दो अज्ञात लोगों ने एक भारतीय की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद एक ऑडियो क्लिप वायरल हो गया है। इसमें एक शख्स को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जगरूप रूपा और मनप्रीत मन्नू की हत्या का बदला लेने के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार के आदेश पर मंदीप को गोली मारी गई थी।
बताया जा रहा है कि यह ऑडियो शार्पशूटर दीपक मुंडी का है, जो सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में फरार है। हालांकि, इस मामले में पुलिस अधिकारी ने कहा कि दीपक मुंडी के ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है। हो सकता है कि कोई और उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा हो। यह नकली ऑडियो भी हो सकता है।

मगर, यदि पंजाब से गैंग रंजिश का मामला है, तो इसमें बराड़-बिश्नोई शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि देविंदर बंबिहा गैंग ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने की कसम खाई है। पुलिस के मुताबिक मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड बिश्नोई और बराड़ हैं।
मारे गए मनदीप के खिलाफ दर्ज था आर्म्स एक्ट का केस
इस मामले में पंजाब के मोगा एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि 33 साल का मनदीप सिंह धालीवाल उर्फ परधान मोगा जिले के लोपो का रहने वाला था। उसके खिलाफ 2020 में स्मॉलसर थाने में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया था। गैंगस्टर टास्क फोर्स ने बताया कि मनदीप ने विदेशों में बांबिहा गैंग की गतिविधियों को अंजाम दिया था और कुछ गैंगस्टरों से पूछताछ में उसका नाम सामने आया था।





































