भिलाई। नगरीय निकाय चुनाव में सभी निकायों में मतगणना जारी है। कुछ जगह पर नतीजे भी सामने आ गए वहीं कई निकायों में रुझान सामने आ रहे हैं। विशेषकर प्रदेश के 4 निगमों में शहर सरकार को लेकर लोगों की दिलचस्पी है। ताजा रुझान देखें तो नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा में भी कांग्रेस ने बड़ी बढ़त बना ली है। यहां के 22 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। यहां भिलाई चरोदा की महापौर रही चंद्रकांता मांडले अपने वार्ड से पीछे चल रही है।
बता दें लोगों की भिलाई चरोदा निगम के नतीजों पर विशेष नजर थी। सीएम भूपेश बघेल का गृह क्षेत्र होने के कारण यहां पर सीधे सीएम बघेल की साख दांव पर लगी थी। आज जिस तरह के रुझान सामने आए हैं उसे देखकर यही लग रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर यहां की जनता ने विश्वास जताया है। इसी प्रकाया गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के क्षेत्र रिसाली में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। यहां पर भाजपा व कांग्रेस बराबरी पर हैं। इस निगम में निर्दलीय प्रत्याशी तुरुप का इक्का साबित होंगे।
तीनों निकायों की ताजा तस्वीर
दोपहर बाद जिले के चारों निकायों की तस्वीर साफ होने लगी है। नगर पालिक निगम भिलाई व नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। भिलाई निगम के 70 में से करीब 43 सीटों पर विधान सामने आ गए हैं। 22 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी आगे हैं भाजपा के प्रत्याशी 11 सीटों पर और 10 सीटों पर निर्दलीय आगे हैं। वही भिलाई चरोदा निगम में 22 सीटों पर कांग्रेस व 14 सीटों पर भाजपा और अन्य सीटों पर निर्दलीय आगे चल रहे हैं। इसी प्रकार नवगठित नगर निगम रिसाली में 40 सीटों के रुझान सामने आ गए हैं। यहां दोनों दलों के प्रत्याशी 16-16 वार्डों पर आगे चल रहे हैं, 8 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी आगे हैं।