रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में बारिश (Rain) की कोई संभावना नहीं है और अब धीरे-धीरे सर्दी (Winter) का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार हवा की दिशा बदलने के कारण अब रात के तापमान में हल्की गिरावट होगी। हालांकि दिन के तापमान में कोई बदलाव नहीं आएगा। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई स्थानों पर तेज बारिश भी हुई है। प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से हवा आनी शुरू हो गई है। इस कारण अब आसमान में बादल नहीं छाएंगे। वहीं पूरे प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा।
लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार सर्दी शुरू होने के बाद उत्तरी हवा से रात का तापमान गिरने लगता है, लेकिन नमी बढ़ने के साथ ही रात के तापमान में वृद्धि होने लगती है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि नमी की वजह से बादल बनते हैं और ये बादल वातावरण के ऊपर एक परत के रूप में फैले रहते हैं। इनकी वजह से जमीन की गर्मी ऊपर नहीं उठ पाती और वातावरण गर्म रहता है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। सुबह हवा में आर्द्रता की मात्रा 68 व शाम को 48 फीसदी रही। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सेे रात के तापमान कुछ कम होगा। इससे हल्की ठंड महसूस होगी। डॉक्टरों के अनुसार तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं।
(TNS)