INDORE NEWS. नेशनल शूटर खिलाड़ी के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। वर्मा ट्रैवल्स की बस के ड्राइवर और हेल्परों के खिलाफ दर्ज मामले में शुक्रवार को कोर्ट ने सभी तीन आरोपियों को जेल भेज दिया है। मामला 16 नवंबर का है जब भोपाल से पुणे जा रही बस में युवती से छेड़छाड़ की गई थी।

सीट पर बैठे समय की थी छेड़छाड़
युवती ने पुलिस को बताया कि बस में आरोपी परमिंदर गौतम और दीपक मालवीया नशे की हालत में थे। जब पीड़िता सीट पर बैठ रही थी, तो आरोपी परमिंदर ने बार-बार उसे बैड टच किया।
आरोपियों की पहचान
पुलिस ने आरोपितों की पहचान बस ड्राइवर अरविंद वर्मा, हेल्पर परमिंदर गौतम और दीपक मालवीय के रूप में की है। युवती फ्लाइट से इंदौर आई थी। दिल्ली हाईकोर्ट के एडवोकेट और परिजन उसके साथ थे।

पुलिस कार्रवाई और जांच
राजेंद्र नगर थाने के सामने पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपियों ने बस खड़ी कर फरार होने की कोशिश की। मगर, पुलिस के दबाव के चलते कंपनी के मैनेजर विनोद वर्मा ने तीनों आरोपितों को थाने भिजवाकर गिरफ्तार कराया। पुलिस ने वर्मा ट्रेवल्स की लग्जरी बस भी जब्त कर ली है।

यह है मामला
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि नेशनल शूटर युवती के साथ 16 नवंबर को वर्मा ट्रैवल्स की बस (एमपी 09 एजी 0336) में छेड़छाड़ की घटना हुई थी। पुणे की रहने वाली युवती पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में शामिल होने भोपाल गई थी।
वह नेशनल गेम्स खेलकर वर्मा ट्रेवल की बस से वापस पुणे जा रही थी। रास्ते में आरोपित हेल्पर परमिंदर गौतम ने सीट के बारे में पूछने के बहाने हाथ लगाया और युवती को परेशान किया। राजेंद्र नगर थाने के सामने पुलिस चेकिंग देखकर आरोपितों ने बस खड़ी कर की और फरार हो गए।

युवती की रिपोर्ट पर बस ड्राइवर अरविंद वर्मा, हेल्पर परमिंदर गौतम व दीपक मालवीय के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया था। पूछताछ के बाद शुक्रवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए हैं।



































