INDORE NEWS. मध्यप्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को गति देने के लिए पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ आज 20 नवंबर 2025 से हो गया है। यह सेवा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक जल्दी, सुरक्षित और आरामदायक पहुंच सुनिश्चित करेगी।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की इस पहल से प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां इंटर-स्टेट हेलीकॉप्टर टूरिज्म सेवा शुरू हुई है। इस सेवा के जरिए पर्यटक कान्हा, बांधवगढ़, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के साथ ही ईको टूरिज्म और आध्यात्मिक क्षेत्रों को हेलिकॉप्टर से जुड़ सकेंगे।

1 नवंबर को हुआ था औपचारिक शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 नवंबर को इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया था। नियमित उड़ानें 20 नवंबर से शुरू हो रही हैं। पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा तीन प्रमुख सेक्टर वेलनेस, वाइल्डलाइफ और धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी। इससे भोपाल, इंदौर, उज्जैन-जबलपुर जैसे चार बड़े शहर, महाकाल उज्जैन और ओंकारेश्वर खंडवा जैसे दो ज्योतिर्लिंग, और कान्हा, बांधवगढ़, सतपुड़ा जैसे तीन नेशनल पार्क, साथ ही अमरकंटक, चित्रकूट-मैहर जैसे तीन धार्मिक शहर जुड़े हैं।
वेलनेस सेक्टर में भोपाल, पचमढ़ी और मढ़ई शामिल हैं। वाइल्डलाइफ सेक्टर में जबलपुर, मैहर, चित्रकूट, कान्हा, बांधवढ़ और अमरकंटक आते हैं। धार्मिक सेक्टर में इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर को जोड़ा गया है। पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के तहत तीन प्रमुख रूटों पर हेलिकॉप्टर उड़ानें सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध रहेंगी।

आध्यात्मिक सेक्टर
इस सेक्टर में इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर मार्ग शामिल है। इंदौर से उज्जैन तक उड़ान का समय लगभग 20 मिनट है, जिसका अनुमानित किराया 5,000 रुपए है। उज्जैन से ओंकारेश्वर की उड़ान लगभग 40 मिनट की है, जिसका किराया 6,500 रुपए रखा गया है।
ओंकारेश्वर से इंदौर लौटने पर किराया करीब 5,500 रुपए होगा। यह सेवा श्रद्धालुओं को एक ही दिन में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन का मौका देगी। यात्रा की ऑनलाइन बुकिंग flyola.in, air.irctc.co.in/flyola, और transbharat.in से की जा सकेगी।

इको टूरिज्म सेक्टर
भोपाल से मढ़ई की उड़ान 40 मिनट की है, जिसका किराया करीब 4,000 रुपए है। मढ़ई से पचमढ़ी की उड़ान 20 मिनट की होगी, किराया 3,000 रुपए निर्धारित है। भोपाल से पचमढ़ी की एक सीधी उड़ान भी उपलब्ध है, लगभग 1 घंटे की यात्रा, जिसका किराया 5,000 रुपए है। पचमढ़ी में यात्रा को रोचक बनाने के लिए जॉय-राइड्स की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

वाइल्डलाइफ सेक्टर
इस सेक्टर में जबलपुर को कान्हा और बांधवगढ़ से जोड़ा गया है। जबलपुर से मैहर 5,000 रुपए, मैहर से चित्रकूट 2,500 रुपए, जबलपुर से कान्हा 6,250 रुपए, बांधवगढ़ 3,750 रुपए और अमरकंटक के लिए 1 घंटे की उड़ान 5,000 रुपए में उपलब्ध होगी। इन कनेक्टिविटी से पर्यटक कम समय में अधिक आकर्षण स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।

































