INDORE NEWS. क्राइम ब्रांच इंदौर ने अवैध मादक पदार्थ “MD” के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 25.39 ग्राम MD बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब दो लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि वह सस्ते दाम पर मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर में नशे के आदी लोगों को अधिक दाम पर बेचता था।

एडीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, आरोपी सोहेल पेशे से ड्राइवरी करता है और उसकी पढ़ाई आठवीं तक ही है। सोहेल पर पहले भी इंदौर में दो दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश भी की थी, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इंदौर के नावदा पंथ ब्रिज के नीचे धार रोड पर यह मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी सोहेल की गिरफ्तारी के बाद उसके बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ थाना अपराध शाखा में मामले पर धारा 8/22 के तहत एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ब्राउन शुगर के साथ राजस्थान का तस्कर भी गिरफ्तार
इसी तरह, क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के प्रतापगढ़ के रहने वाले समीर खान को भी 55.65 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग पांच लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। समीर खान 9वीं तक पढ़ा है।

बिना नंबर की बाइक से घूम रहा था
पुलिस ने बताया कि वह एमपीईबी पोलोग्राउंड अंडर ब्रिज क्षेत्र में बिना नंबर की बाइक पर घूम रहा था। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। उसे रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से मादक पदार्थ बरामद किया गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 200/2025, धारा 8/21 के तहत आरोपी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब तक की गई बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने की ये अपील
क्राइम ब्रांच की ओर से जनता से अपील की गई है कि वे ऐसे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और उपयोग से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




































