INDORE NEWS. मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में ऑनलाइन शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर एक महिला से 20 लाख 10 हजार 840 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर फर्जी डीईएक्स एप्लीकेशन का लिंक भेजकर महिला को झांसा दिया।

फर्जी एप्लीकेशन पर कराया रजिस्ट्रेशन
इस मामले में एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी ठगों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि दिनांक 28 अगस्त को अज्ञात नंबर से कॉल कर दो व्यक्तियों ने खुद को ‘अनामिका’ और ‘नितेश’ बताकर फर्जी DEX एप्लीकेशन के लिंक पर रजिस्ट्रेशन करने को कहा।

मुनाफा निकलाने के लिए मांगे पैसे
इसमें दिखाए गए यूएसडीटी क्रेडिट के माध्यम से उन्होंने ट्रेडिंग कर मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने 11 से 22 सितंबर के बीच आरोपियों के बताए बैंक खातों और यूपीआई के जरिए कुल 20 लाख 10 हजार 840 रुपये जमा कराए। जब मुनाफा निकालने के लिए कहा, तो आरोपियों ने अतिरिक्त राशि जमा करने का दबाव बनाया।

बैंक खातों को कराया गया फ्रीज
जांच में पता चला कि DEX नाम की कोई ट्रेडिंग कंपनी अस्तित्व में नहीं है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 318(4), 3(5) BNS और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज करा दिया गया है। एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि हम आरोपियों तक जल्द पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के बाद सख्त कार्रवाई करेंगे।

साइबर ठगी से बचाव के टिप्स
अच्छे मुनाफे के चक्कर में बिना जांच के इन्वेस्टमेंट न करें।
ट्रेडिंग करते समय सेबी के नियमों का पालन जरूर करें।
अपने डीमैट अकाउंट का पासवर्ड किसी से शेयर न करें।
सोशल मीडिया पर मिले लुभावने ऑफर्स या लिंक पर भरोसा न करें।
खासकर टेलीग्राम, व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से न जुड़ें।
फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत करें।
साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930/7049124445 पर शिकायत करें।




































