ASHOKNAGAR. मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के करैया बैनेट गांव में बुधवार शाम जमीन का विवाद खून से लाल हो गया। दो सगे भाइयों के बीच खेत को लेकर झगड़ा इतना बढ़ा कि मारपीट में पिता और भांजे की मौत हो गई। इसके साथ ही इस लड़ाई में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और सन्नाटा फैला हुआ है।

8 बीघा जमीन से शुरू हुआ विवाद
पुलिस ने बताया कि कचनार थाना क्षेत्र के करैया बैनेट गांव में राज महेंद्र यादव और कृष्णभान यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार की शाम को 8 बीघा जमीन को लेकर दोनों भाई आमने सामने आए गए। इसकी वजह थी कि हाल ही में राज महेंद्र ने अपने हिस्से की जमीन पर सरसों की फसल बोई थी।

विवाद ने लिया हिंसक रूप
बुधवार को कृष्णभान अपने भांजे पवन यादव के साथ खेत पर पहुंचा और ट्रैक्टर से जुताई करने लगा। यह देखकर राज महेंद्र भड़क गया। कुछ ही देर में दोनों भाइयों के बीच शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई लोग वहां पहुंच गए और फावड़े, फरसा और डंडों से एक दूसरे पर हमला कर दिया।

पिता और भांजे की मौके पर मौत
हिंसक झगड़े में दोनों भाइयों के पिता खिलन सिंह यादव और कृष्णभान के भांजे पवन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कृष्णभान यादव गंभीर रूप से घायल है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा इस घटना में दो नाबालिग लड़कियों सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं।

पुलिस ने कहा- करेंगे कड़ी कार्रवाई
सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण किया और दोनों पक्षों पर मामला दर्ज किया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। हर कोई इस घटना से हैरान और दुखी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

































