BHOPAL NEWS. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय दो मौसम प्रणालियों के असर से शनिवार से मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। हवाओं में नमी बढ़ने से ज्यादातर शहरों में बादल छा सकते हैं। कई जगहों पर हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग में कई स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। यह बदलाव अगले चार दिनों तक बना रह सकता है। वहीं, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के चलते छत्तीसगढ़ का मौसम भी बदल गया है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। रायपुर में भी बादल छाए रह सकते हैं।

अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस समय पूर्व-मध्य अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना एक और सिस्टम शनिवार तक मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचकर अवदाब में बदल सकता है। इसके रविवार तक गहरे अवदाब और बाद में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
इन दोनों सिस्टम के असर से ग्वालियर-चंबल को छोड़कर बाकी प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश भी होगी। भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के कई जिलों में शनिवार को वर्षा की संभावना है। यह स्थिति अक्टूबर के अंत तक रह सकती है। फिलहाल रात के तापमान में ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं।

छत्तीसगढ़ का मौसम
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के चलते छत्तीसगढ़ का मौसम भी बदल गया है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अक्टूबर का आखिरी सप्ताह चल रहा है, फिर भी रात में ठंड महसूस नहीं हो रही है। जबकि दिन में हल्की गर्मी बनी हुई है। मौसम केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव 27 अक्टूबर से बारिश की तीव्रता बढ़ा सकता है। अगले चार दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में मेघगर्जना के साथ वर्षा के आसार हैं।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल
रायपुर में शनिवार को बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विभाग ने अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर, भैरमगढ़ और लोहांडीगुड़ा में 2 सेंटीमीटर, जबकि दरभा, दोरनापाल, कोंटा, गीदम, सुकमा और बीजापुर में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। अधिकतम तापमान राजनांदगांव और दुर्ग में 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
































