RAIPUR NEWS. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न शासकीय मेडिकल कॉलेजों में एमडी-एमएस की 61 नई सीटें स्वीकृत की हैं। आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि नई स्वीकृत सीटों के बाद अब राज्य के सरकारी कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या बढ़कर 377 हो गई है। प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में पीजी की अभी 186 सीटें हैं। इससे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में बेहतर विशेषज्ञ सेवाएं जनता तक पहुंच सकेंगी।
चिकित्सा शिक्षा के जानकारों के अनुसार पहली बार एक साथ पीजी की 61 सीटें शासकीय कॉलेजों को मिली हैं। सीटें बढ़ने से प्राइवेट में 1-2 करोड़ की फीस देकर सीटें न ले पाने वाले डाक्टरों को मनपसंद विषय की सीटें पाने का मौका मिलेगा। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि इस बार कोरबा, राजनांदगांव और रायगढ़ मेडिकल कॉलेज को भी पीजी सीटें मिली हैं। इससे इन कॉलेजों में मरीजों की देखभाल करने वाले डाक्टरों की संख्या बढ़ेगी और उन्हें बेहतर इलाज मिल सकेगा।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह ऐतिहासिक कदम है। नई पीजी सीटों की स्वीकृति से राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जनता तक पहुंचेंगी। यह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन नई सीटों से न केवल चिकित्सा शिक्षा को बल मिलेगा, बल्कि प्रदेश के शासकीय अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ सेवाएं और अधिक सुलभ होंगी। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और जनसुलभ सेवाओं की दिशा में सरकार के सतत प्रयासों को और गति प्रदान करेगी।
जानिए कहां कितनी सीटें
बिलासपुर सिम्स 21
राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज 7
जगदलपुर मेडिकल कॉलेज 8
रायगढ़ मेडिकल कॉलेज 12
कोरबा मेडिकल कॉलेज 13