RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में ठगी का कारोबार तेजी से फैल रहा है। इसके साथ ही पुलिस के साथ ही सरकार भी लगातार कार्रवाई कर रही है। दरअसल, पूरे प्रदेश में खुलेआम चैन मार्केटिंग कंपनियां चल रही हैं। ये कंपनियां बेरोजगार युवाओं को तगड़ी सैलरी, कमीशन और विदेश यात्रा में भेजने का झांसा दिया जा रहा था। युवाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों को कंपनी से जोड़ने ये कंपनियां ज्यादा कमीशन का लालच देती हैं।

इन कंपनियों के झांसे में आकर बेरोजगार युवाओं से कंपनी में रजिस्ट्रेशन और प्रोडक्ट लेने के नाम पर प्रति व्यक्ति 50-50 हजार रुपए वसूले जा रहे है। रायपुर और आसपास के इलाकों के 70 से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों में कंपनी में रजिस्ट्रेशन के लिए पैसा दिया है। अब वापस लेने के लिए चक्कर काट रहे हैं। इसकी छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने शिकायत की, तब पुलिस ने छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार ग्वालियर के एक युवक ने राजेंद्र नगर, बोरिया समेत कई जगहों पर रील इंडिया मार्केटिंग कंपनी और वीकॉनिक कंपनी के नाम से ऑफिस खोला है। कंपनी ब्यूटी प्रोडक्ट और कपड़ों का कारोबार बताती है। प्रोडक्ट लेने और रजिस्ट्रेशन के लिए 50 हजार रुपए वसूले जा रहे हैं। जागेश्वरी यादव कंपनी के झांसे में आ गई और उसने 48 हजार रुपए जमा किए। इसी तरह करीब 70 लोगों से 20 लाख रुपए से अधिक वसूले गए।

कंपनी ने हर माह 20 हजार रुपए वेतन और अपने नीचे लोगों को जोड़ने पर मोटा कमीशन देने और नाइजीरिया भेजने का झांसा दिया था। ट्रेनिंग, रहने की व्यवस्था और भोजन का वादा भी किया गया था। इसमें ज्यादातर बेरोजगार युवक-युवतियां शामिल हैं, जो गांवों से शहर आए थे। पुलिस ने पुनीत प्रजापति राजस्थान, निर्मला ठाकुर उर्फ निर्मला सामंत, शिवानी ठाकुर उत्तराखंड और गुरुचरण साहू बोरियाकला को गिरफ्तार किया है।

वहीं, इस मामले के छह आरोपी अब भी फरार हैं, जिनमें कंपनी का मालिक तोमर भी शामिल है, जो मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है। कंपनी के खिलाफ राजेंद्र नगर थाने में भी केस दर्ज है, जिसमें दो लोगों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। कंपनी की कई जगह शाखाएं संचालित की जा रही थीं।


































