RAIPUR NEWS. रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश थम गई है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी छत्तीसगढ़ के बाद रायपुर समेत दुर्ग, राजनांदगांव और महासमुंद से लौट गया। प्रदेश के इस हिस्से में अब नम हवा का प्रभाव खत्म होने लगा है। शुष्क हवा आने से रात के तापमान में अब गिरावट आएगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश के शेष हिस्सों से भी मानसून के लौटने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके साथ ही अब रात का तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। नमी की वजह से अभी सभी जगहों पर रात का तापमान भी सामान्य से अधिक है।

दरअसल, पिछले दो दिनों से मानसून की वापसी रेखा उत्तरी छत्तीसगढ़ के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, पेंड्रारोड और अंबिकापुर तक थी। रविवार को उत्तर-पूर्वी हवा ने तेजी से आगे बढ़ते हुए मध्य छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से को कवर कर लिया। रायपुर समेत आसपास के इलाकों में रविवार शाम से मौसम शुष्क होने लगा। रात में वातावरण ठंडा होने लगा है। अब रात के तापमान में कमी आएगी। हालांकि छत्तीसगढ़ में अभी कहीं-कहीं पर नमी बनी हुई है। इस वजह से अगले दो-तीन दिन वातावरण में बहुत अधिक परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। पूरे प्रदेश से मानसून की वापसी होने और वातावरण से नमी खत्म होने के बाद ही रात के तापमान में बड़ी गिरावट आएगी।
ये भी पढ़ें: CG के पोटाकेबिन स्कूलों में इतने पदों पर होगी भर्ती, इस तारीख तक कर सकते हैं आवेदन…जानें सैलरी
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में इस समय दिन का तापमान काफी बढ़ा हुआ है। सभी जगहों पर पारा सामान्य से ऊपर है। इस वजह से हल्की गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि वातावरण में नमी की वजह से कहीं-कहीं पर बारिश भी हो रही है। इसलिए गर्मी और नमी के कारण उमस भी बनी हुई है। इसका असर लोगों की सेहत पर नजर आने लगा है। तापमान को लेकर पिछले एक दशक का रिकार्ड बता रहा है कि आमतौर पर मानसून के लौटने से पहले दिन का तापमान काफी ज्यादा रहता है। इस समय रायपुर में दिन का तापमान 34.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। रायपुर में अक्टूबर के पहले पखवाड़े में पारा 35 से 36 डिग्री तक रहता है।
ये भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर दिखा दो सुपरस्टार्स का जलवा…4 दिन में ही अमिताभ-रजनीकांत की वेट्टैयन ने कमा लिए 100 करोड़ रुपए

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। बस्तर के सुकमा में सबसे ज्यादा 30 मिमी पानी बरसा। तोंगापाल में 10 तथा अन्य कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। पेंड्रारोड में रविवार को दिन में 18.3 मिमी बारिश हो गई। अगले दो दिनों तक प्रदेश में नमी बनी रहने की संभावना है। इससे कहीं-कहीं पर हल्की बारिश भी हो सकती है। सोमवार को रायपुर में मौसम साफ रहेगा। दिन का तापमान 35 और रात में पारा 25 डिग्री के आसपास रहेगा।
ये भी पढ़ें: गैंगस्टर अमन साव को 40 जवानों घेरे में रायपुर लाया गया, आज कोर्ट में पेशी…जानें लॉरेंस-बिश्नोई के करीबी के बारे में



































