KANKER. बस्तर में एक बार फिर नक्सलियों ने अपनी हरकत दिखाई है। दरअसल, सर्चिंग पर निकली फोर्स पर नक्सलियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक जवान शहीद हो गया है। इस जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी एक नक्सली को ढेर कर दिया है।

कांकेर जिले के अति नक्सल प्रभावित छोटेबेठियां थाना क्षेत्र के हिदुर के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ अभी चल रही है। इस मुठभेड़ में बस्तर फाइटर का आरक्षक रमेश कुरेठी बलिदान हो गया। वहीं एक वर्दीधारी नक्सली भी ढेर हो गया।

जवानों ने मुठभेड़ में मारे गए नक्सली का शव के साथ एके-47 हथियार भी बरामद किया है l

यह मुठभेड़ जिले के नक्सल प्रभावित हिदुर के जंगलों में पिछले एक घंटे से जारी है। एसपी आइके एलेसेला ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है।

वहीं पुलिस जवानों की मुठभेड़ स्थल के आसपास सर्चिंग अभियान जारी है। छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने के लिए सुरक्षा बल के जवानों की ओर से लगातार कार्रवाई जारी है।

इसी अभियान के तहत पुलिस जवानों की टीम रविवार को सर्चिंग अभियान के लिए निकली थी। कांकेर पुलिस को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र अंतर्गत हिदुर के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की खबर मिली थी।

इसके बाद फोर्स ने पूरी टीम के साथ जंगलों में सर्चिंग करने जा रही थी, तभी नक्सलियों ने हमला कर दिया था।





































