JAGDALPUR. बस्तर की समाजसेविका सोनी सोरी ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से बस्तर के अंदरूनी इलाकों में हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी होने का आरोप लगाया है।

मूल निवास बचाओ आंदोलन समिति के सदस्यों ने शनिवार को जगदलपुर के पत्रकार भवन में मीडिया से चर्चा करते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बमबारी कर बस्तर को युद्धभूमि बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं सोनी सोरी ने गृह मंत्री पर भड़काऊ बयान देने का आरोप भी लगाया है।

मूल निवासी बचाओ आंदोलन समिति से जुड़ी सोनी सोरी ने कहा अगर राज्य सरकार नक्सलियों से शांति वार्ता करना चाहती है। तो वे इसका स्वागत करेंगी, लेकिन सरकार को नक्सलियों से पहले बस्तर के समाजसेवी संगठनों से बातचीत कर यहां के हालातों को समझना चाहिए।

सोनी सोरी ने बस्तर में खनन कर रही कंपनियों के लिए चौड़ी सड़कें बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा केंद्र सरकार का बस्तर पर सीधा फोकस है, विकास के नाम पर चौड़ी सड़कें बनाने का दावा करने वाली सरकारें बैलाडीला और नंदराज पहाड़ में खनन को तेज गति से करने का काम करना चाहती है।

वहीं सोनी सोरी ने कहा जबसे प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से बस्तर में हिसंक घटनाएं बढ़ गई हैं। सोनी सोनी ने बस्तर में ज्यादा से ज्यादा सुरक्षा कैंप खोले जाने पर कहा प्रदेश सरकार बस्तर को युद्ध भूमि बनाने का काम कर रही है।

इसके साथ ही उन्होंने बस्तर में तैनात डीआरजी पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा सरकार ने डीआरजी को बेलगाम कर दिया है। उन्होंने मूल निवासी बचाओ आंदोलन समिति की बीजापुर जिले की अध्यक्ष सुनीता पोटाम को 9 फरवरी के दिन डीआरजी के जवानों द्वारा जबरन गिरफ्तार करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।







































