MADRID. हील्स पहनकर कई लड़कियों के लिए चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं होता है। हालांकि, कई लड़कियां इसे अपने फैशन को चार-चांद लगाने के लिए पहनती हैं। फिर भी यह उतनी कंफर्टेबल नहीं होती हैं। इस पर भी अगर हील्स पहनकर रेस करने को कहा जाए, तो…। जाहिर है, यह काम आसान नहीं साबित होगा। मगर, स्पेन के एक शख्स ने हील्स पहनकर न सिर्फ दौड़ लगाई, बल्कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
स्पेन के क्रिश्चियन रॉबर्टो लोपेज रोड्रिग्ज ने विश्व रिकॉर्ड तोड़ने के लिए हील्स पहनकर 100 मीटर की दौड़ लगाई। उन्होंने 2.76 इंच के स्टिलेटोज पहने और 12.82 सेकंड में इस स्प्रिंट दौड़ को पूरा किया। ऐसा कारनामा करने वाले वह दुनिया के पहले इंसान बन गए हैं। लिहाजा, उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया गया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इंस्टाग्राम पर इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है। इसके कैप्शन में लिखा गया है, “क्रिश्चियन रॉबर्टो लोपेज रोड्रिग्ज ने हाई हील्स पहनकर (पुरुषों की श्रेणी में) सबसे तेज 100 मीटर की दौड़ को महज 12.82 सेकंड में पूरा किया है।”
वीडियो में रोड्रिग्ज को काली स्टिलेटोस पहने हुए तेजी से दौड़ते हुए देखा जा सकता है। दिलचस्प बात यह है कि रोड्रिग्ज ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता उसेन बोल्ट के 100 मीटर स्प्रिंट विश्व रिकॉर्ड से केवल 3.2 सेकंड ही पीछे थे। अपनी तैयारी के बारे में बात करते हुए उन्होंने रिकॉर्ड बुक को बताया, “तैयारी बहुत विस्तृत और विशिष्ट थी।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे हाई हील्स पहनकर तेज गति से दौड़ने में सक्षम होने के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण लगता है। स्पेन में इस तरह की दौड़ें होती हैं और वे हमेशा मेरे लिए अच्छी रही हैं।” यह शख्स जर्मनी के आंद्रे ऑर्टोल्फ के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल रहा, जिन्होंने साल 2019 में 14.02 सेकंड के समय के साथ रिकॉर्ड बनाया था।
मिस्टर रोड्रिग्ज रिकॉर्ड-ब्रेकर हैं। वह पहले भी एक घंटे में सबसे ज्यादा जंपिंग जैक सहित कई अन्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स अपने नाम कर चुके हैं।