MOSCO. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की निजी आर्मी वैगनर ग्रुप ने बगावत कर दी है. वैगनर ग्रुप पुतिन के एक इशारे पर जान देने और जान लेने का दम भरता था। यहां तक कि यूक्रेन में रूस की ओर से जंग भी लड़ रहा था। अगर, अब वैगनर ग्रुप के लीडर येवगेनी विक्टरोविच प्रिगोझिन ने पुतिन के खिलाफ बगावत कर दी है। एक टेलीग्राम संदेश में कहा है कि रूस को जल्द नया राष्ट्रपति मिलेगा।
येवगेनी ने अपने लड़ाकों को रोस्तोव शहर में भेजकर वहां सेना मुख्यालय और एक हवाई अड्डे समेत शहर के सैन्य स्थलों पर कब्जा जमाने का दावा किया है। रूसी सेना के साथ सड़कों पर उतरे टैंकों से उनकी झड़प की खबरें भी सामने आ रही हैं। उसका कहना है कि उसके 25,000 जवान मरने-मारने को तैयार हैं।
पुतिन के शेफ के नाम से थे मशहूर
कभी रूसी राष्ट्रपति के सबसे विश्वासपात्र रहे येवगेनी प्रिगोझिन को एक समय “पुतिन का शेफ” उपनाम मिला था। पिछले साल सितंबर में यूक्रेनी सेना ने रूस पर आश्चर्यजनक जवाबी हमले कर पुतिन की काफी किरकिरी कर दी थी। मगर, तभी येवगेनी प्रिगोझिन अपने भाड़े के हजारों वैगनर सैनिकों के साथ जंग में कूद पड़े थे और इसकी वजह से रूस में वह युद्ध नायक बन गए थे। वैगनर को मिलने वाली लगातार सफलताओं के बाद येवगेनी ने रूसी सेना की आलोचना करनी शुरू कर दी। वह चाहते थे कि युद्ध प्रयासों में उनके योगदान को अधिक मान्यता दी जाए। मगर, पुतिन कामयाबी को साझा करना पसंद नहीं करते थे, लिहाजा उन्होंने वैगनर ग्रुप को रूसी सेना में मिलाने की बात कही।
जेल से लेकर प्राइवेट सेना बनाने तक का सफर
लेनिनग्राड में साल 1961 में जन्मे येवगेनी पर 20 साल की उम्र तक आते-आते कई अपराधों में शामिल हो गए थे। मारपीट, डकैती और धोखाधड़ी के आरोप में दोष साबित होने के बाद उन्हें 13 साल की कैद की सजा हुई, लेकिन सजा पूरी होने के 4 साल पहले ही रिहा कर दिया गया।
जेल से निकलकर वह सेंट पीटर्सबर्ग में स्टॉल लगाकर हॉट डॉग बेचने लगे। फिर 90 के दशक में शहर में महंगा रेस्तरां खोला, जहां खाने के लिए लोगों की लाइन लगी रहती थी। इसकी लोकप्रियता बढ़ने के बाद विदेशी मेहमानों को लेकर पुतिन भी यहां आने लगे। तभी उनकी और येवगेनी की करीबी बढ़ी और वह धीरे-धीरे पुतिन के राइट हैंड बन गए।
रूसी सेना के साथ मिलकर येवगेनी ने प्राइवेट आर्मी की अगुवाई की, जिसमें भाड़े के लड़ाके शामिल थे। यह पुतिन की शैडो आर्मी बन गई, जिसका पर्दे के पीछे से पुतिन ने बहुत इस्तेमाल किया। मगर, अब यही ग्रुप रूस के रोस्तोव में कब्जा जमाकर बैठ गया है। रूसी अधिकारियों ने लोगों को घरों में ही रहने की अपील की है। मॉस्को को कनेक्ट करने वाले हाई-वे को बंद कर दिया गया है।