DELHI. आज नवम्बर महीने की पहली तारीख है। आज से कुछ बड़े बदलाव आपको देखने को मिलेंगे। कुछ आपको राहत दे सकते हैं तो कुछ से झटका भी लगा सकता है। ये सभी बदलाव आपकी जेब पर सीधा असर डालेंगे। पेट्रोलियम कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में जहां भारी कमी की गई है तो वहीं दिल्ली में बिजली सब्सिडी को लेकर भी नया नियम आज से लागू कर दिया गया है।
गैस सिलेंडर के दाम में भारी कटौती
मंगलवार 1 नवम्बर से जा सबसे बड़ा और राहत भरा बदलाव होने जा रहा है वो है एलपीजी के दाम (LPG Price) में भरी कमी। पेट्रोलियम कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 115 रुपये तक कम कर दिए हैं। मई 2022 के बाद से पेट्रोलियम कंपनियों गैस सिलेंडर के दाम में लगातार कटौती कर रही हैं। अगर बात दिल्ली की करे तो आज से 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1,859.5 रुपये से घटकर 1,744 रुपये का मिलेगा। तो चेन्नई में दाम 2009.50 रुपये से घटकर 1,893 रुपये हो जाएगा।
OTP के बिना नहीं होगी सिलेंडर डिलीवरी
आज से जो दूसरा बड़ा बदलाव होने जा रहा है वो घरेलू LPG गैस सिलेंडर से जुड़ा है। घरेलू गैस की डिलीवरी प्रक्रिया में भी बदलाव हुआ है। अब आपको रसोई गैस सिलेंडर की डिलीवरी OTP देने के बाद ही की जाएगी। अब सिलेंडर बुकिंग कराने पर आपको रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक वन टाइम पासवर्ड प्रोसेस के तहत OTP भेजा जाएगा। यह OTP आपको सिलेंडर लेते समय डिलीवरी बॉय को देना होगा इसके बाद ही आपको गैस की डिलीवरी होगी
GST रिटर्न को लेकर नया नियम
तीसरा बदलाव जीएसटी रिटर्न (GST Return) के नियमों में किया गया है। आज से 5 करोड़ रुपये से कम टर्नओवर वाले करदाताओं को जीएसटी रिटर्न में दो अंकों के एचएसएन कोड (HSN Code) की जगह चार अंकों का कोड लिखना अनिवार्य कर दिया गया है। इससे पहले अगस्त 2022 से पांच करोड़ से ज्यादा के टर्नओवर वाले करदाताओं को 6 अंकों का कोड डालना अनिवार्य कर दिया गया था।
पॉलिसी खरीदते समय KYC डिटेल अनिवार्य
चौथा बदलाव बीमा नियामक IRDAI की ओर से किया गया है। इसके तहत अब आपको पॉलिसी खरीदते समय KYC डिटेल देना जरूरी होगा। इससे पहले नॉन लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी लेते समय KYC डिटेल देना जरुरी नहीं था। लेकिन आज से यह नियम भी बदलने जा रहा है। अब IRDAI ने इसे अनिवार्य कर दिया है। और क्लेम के वक्त Insurance KYC Documents न देने पर आपका क्लेम रद्द हो सकता है।
बिजली सब्सिडी के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
पांचवां बदलाव दिल्ली में बिजली सब्सिडी का लाभ ले रहे लोगों पर असर डालने वाला है। बिजली सब्सिडी के लिए आज से दिल्ली में नया नियम लागू हो गया है। बता दें, दिल्ली में रहने वालों को हर महीने 200 यूनिट फ्री बिजली मिलती है। इसके लिए उपभोक्ता को रजिस्ट्रेशन करना पड़ता है। अब जिन लोगों ने रजिस्ट्रेशन नहीं करा रखा है उनको सब्सिडी नहीं दी जाएगी। रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2022 थी।


































