BHILAI. tirandaj.com और छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज की मुहिम आया त्योहार-चलो बाजार अभियान सफल होता नजर आ रहा है। जिस प्रकार से लोगों को इस मुहिम में बताया गया कि वह ऑनलाइन खरीदारी में ठगे जाते हैं। जबकि उनके अपने शहर के बाजारों में व सस्ता और अच्छा सामान मिलता है।

ग्राहकों को लगातार जागरूक करने का प्रयास किया गया है। घरों में जाकर बाजार आने की मनुहार की गई। अलग-अलग बाजारों में जागरूकता अभियान चलाकर उपहार भी दिए गए। दुकानों में जाकर tirandaj.com द्वारा जनता को लाइव ऑनलाइन और ऑफलाइन सामानों की कीमतों का अंतर भी बताया गया। इसके बाद इस दिवाली ग्राहकों की अपार भीड़ खरीदारी के लिए इस त्योहार के मौसम में अपने शहर के बाजार पहुंच रही है। आम जनता के साथ शासन-प्रशासन भी खरीदारी करने बाजार पहुंचा है। दिवाली की खरीदारी करने स्वयं प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल भी बाजार पहुंचे थे।

हमारे अभियान को सभी ने सराहा
चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि हमारा मनुहार ग्राहकों को बाजार तक ले आया। इस मनुहार को आम जनता समेत, शासन और प्रशासन ने भी स्वीकार किया। इससे स्थानीय व्यापारियों का संबल बढ़ा है।

हमारी टीम सुबह उठकर गार्डन, कोचिंग क्लासेज, कॉलेजेस से लेकर जिमों में जाकर लोगों को बाजार आने के लिए प्रेरित करती थी। साथ ही ऑनलाइन खरीदी के नुकसान बताकर लोगों को जागरूक भी करती थी। हमारे अभियान को सभी ने सराहा और बाजारों से खरीदी की।

ग्राहकों को सामान के साथ सम्मान भी दे रहे
भिलाई अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा ने कहा कि बाजारों में आई भीड़ ने यह साबित कर दिया कि यह अभियान सार्थक हुआ है। इस वर्ष ऑनलाइन को नकारते हुए लोगों ने जी-भरके अपने शहर के बाजारों से खरीदी की है। चारों ओर ग्राहक और व्यापारियों ने इस अभियान को सराहा है। इस अभियान ने आम जनता को बाजार आने के लिए प्रोत्साहित किया था, इसलिए इस त्योहार में करोड़ों का कारोबार हुआ है। यह अभियान त्योहार के बाद भी चलता रहेगा, ऑनलाइन के खिलाफ चल रहे इस अभियान के तहत अब लोकल व्यापारियों ने भी अपनी सुविधाओं और सेवाओं को उन्नत किया है, वह ग्राहकों को सामन के साथ सम्मान भी दे रहे हैं।




































