RAIPUR. दीपावली त्योहार के लिए मिठाई बाजार अलग अंदाज में शहरवासियों के स्वागत को तैयार है, क्योंकि बिना मिठाई इस त्योहार की रौनक पूरी नहीं होती। नई-नई कलात्मक मिठाई का स्वाद लेकर मिठाई का बाजार सजने वाला है। दुकानदारों ने पहले ही मिठाई का मेन्यू तैयार कर लिया है।
बदलते दौर में जब सब कुछ बदल रहा है ऐसे में मिठाई बाजार ने भी अपना अंदाज चेंज किया है। अब तक पारम्परिक आकार व रूप में मिठाई बिकती थी, लेकिन नई पीढ़ी को आकर्षित करने के लिए स्वीट्स दुकानदार तरह-तरह के डिजाइन में मिठाई बना रहे हैं।
डिजाइनर मिठाई पहली पसंद
परम्परागत मिठाइयों के साथ ही इस बार डिजाइनर मिठाई लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान खींच रही है। तरह-तरह के आकार और रंगों से सजी ये मिठाई काउन्टर्स पर सबसे अलग दिखती है। साथ ही इन मिठाइयों की पैकिंग भी ऐसी कि जाती है, देखते ही मुंह में पानी आ जाए।
फैशनेबल मिठाई भी कह सकते हैं
फैशन का जमाना है, इन डिजाइनर मिठाइयों को आप फैशनेबल मिठाई भी कह सकते हैं। यह सही है कि हर साल इन मिठाइयों की मांग बढ़ रही है, लेकिन पारम्परिक मिठाई की सेल अभी भी ज्यादा है। गिफ्ट देने के लिए लोग इस मिठाई को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।






































