BHILAI. भिलाई इस्पात संयंत्र में एक बार फिर बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। जहां गुरुवार शाम पांच बजे के करीब संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस क्रमांक-8 में लगा वाल्व क्रमांक-3 फट गया और आग लग गई। सूचना मिलते ही भिलाई इस्पात संयंत्र का फायरब्रिगेड का अमला मौके पर पहुंच गया है। फायरब्रिगेड की एक दर्जन गाड़ी इस समय फॉग और पानी की बौछार से आग को बुझाने के लिए प्रयासरत हैं। हादसे की वजह से फर्नेस में उत्पादन ठप हो गया है। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


जानकारी के अनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस क्रमांक-8 में जो हाट ब्लास्ट वाल्व फटा है। बताया जा रहा है कि उसे बदलने के लिए कई दिनों से प्लान किया जा रहा था। लेकिन शटडाउन न मिलने के कारण ऐसा नहीं किया जा सका था। शाम 5 बजे अचानक से तेज आवाज के साथ हाट ब्लास्ट वाल्व फट गया। यह हाट ब्लास्ट वाल्व फर्नेस में उपर की ओर लगा था। बता दें इस फर्नेस में हाट मेटल उत्पादन की क्षमता आठ हजार टन है। यह संयंत्र का सबसे बड़ा एवं सबसे अत्याधुनिक फर्नेस है। इससे पहले भी कई बार भिलाई इस्पात संयंत्र में हादसों की खबर आती रही है। जिसकी वजह से कई वर्कर अपनी जान से हाथ धो चुके है।
भिलाई भट्टी थाना के प्रभारी एके कुशवाहा ने बताया घटना शाम 5 बजे की है। भिलाई इस्पात संयंत्र में वाल्व क्रमांक-3 फट गया जिसकी वजह से आग लग गई। फिलहाल स्थिति कण्ट्रोल में है। फायरब्रिगेड मौके पर मौजूद है और अपना काम कर रही है। घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।








































