BHILAI. राष्ट्रीय पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ टीम का चयन किया गया। प्रदेश की चयनित टीम में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने जगह बनाई, जिसमें दुर्ग जिले के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।

भारतीय पॉवर लिफ्टिंग महासंघ और महाराष्ट्र पॉवर लिफ्टिंग संघ द्वारा राष्ट्रीय मास्टर एवं सीनियर क्लासिक पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह चैंपियनशिप 12 से 16 अक्टूबर तक महाराष्ट्र के चंद्रपुर में आयोजित की जाएगी। इस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की टीम भी भाग लेगी। वहीं प्रदेश की टीम का गठन किया गया, जिसमें दुर्ग जिले के खिलाड़ियों ने स्थान पाया। वहीं प्रदेश की चयनित टीम आज रात चंद्रपुर के लिए रवाना होगी।

सीनियर पुरुष वर्ग में इनका हुआ चयन
राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए छत्तीसगढ़ की सीनियर पुरुष वर्ग में धनंजय कुमार यादव (जांजगीर) और थलेश्वर सिंह राठिया (बिलासपुर) दमखम दिखाएंगे। वहीं सीनियर महिला वर्ग में प्रेरणा और इंदू साहू (दोनों दुर्ग ज़िले) प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मास्टर पुरुष वर्ग में यह दिखाएंगे दम
मास्टर पुरुष वर्ग में प्रवीण कुमार सतनकर, राजकुमार, अखिलेश पांडेय और नामदेवो साहू (सभी दुर्ग ज़िला) हिस्सा लेंगे। वहीं रज्जू कोसले, शशि कुमार साहू (दोनों रायपुर), विनोद महादेव नंदनवार (कवर्धा), राजकुमार पांडेय (बिलासपुर) और संतोष कुमार देवांगन (भिलाई इस्पात संयंत्र, भिलाई) प्रदेश की ओर से भाग लेंगे।

राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए प्रदेश की चयनित टीम में भिलाई के अंतरराष्ट्रीय निर्णायक कृष्णा साहू कोच की भूमिका निभाएंगे। साथ ही त्रिलोक सिंह टीम के प्रबंधक और रघु कुमार निर्णायक की जिम्मेदारी निभाएंगे। खिलाड़ियों के चयन होने पर संघ के अध्यक्ष बीएल चंदवानी सहित छत्तीसगढ़ पॉवर लिफ्टिंग संघ के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने चयनित खिलाड़ियों की प्रशंसा की।





































