BHILAI. हेवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के संस्थापक स्व. सरदार दलबीर सिंह (बीरा सेठ) की तीसरी पुण्यतिथि पर कंपनी और भिलाई ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन ने शहर को दो सौगातें दी हैं। पहली ये कि एसोसिएशन अपने सभी सदस्यों की बेटियों के विवाह पर 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद करेगी। दूसरी कंपनी के अस्पताल में किडनी के मरीजों का सस्ता इलाज किया जाएगा।
सोमवार को पुण्यतिथि के दिन पावर हाउस स्थित सरदार बीरा सिंह हॉस्पिटल में किडनी पेशेंट के लिए डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ किया गया। इस यूनिट में न्यूनतम शुल्क में किडनी के मरीजों का डायलिसिस किया जायेगा। इस सुविधा का लाभ सभी ले सकेंगे।

दूसरी घोषणा भिलाई ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन से जुड़े सदस्यों के लिए है। एसोसिएशन से जुड़े ट्रक चालक, हेल्पर की बेटियों की शादी में एसोसिएशन 25 हजार रुपये की सहायता प्रदान करेगी। इसे लेकर एचटीसी के वर्तमान डायरेक्टर और स्वर्गीय बीरा सेठ के बेटे सरदार इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान में किडनी पेशेंट को डायलिसिस करवाने काफी कीमत चुकानी पड़ती है, जो एक सामान्य परिवार के लिए बहुत अधिक है।

किडनी पेशेंट को समय-समय पर डायलिसिस की आवश्यकता पड़ती है। इसे देखते हुए भी डायलिसिस यूनिट की शुरुआत एसबीएस हॉस्पिटल में की गई है। यहां जरूरतमंदों का न्यूनतम राशि में डायलिसिस किया जाएगा।

सीएम के पुत्र चैतन्य बघेल ने दी श्रद्धांजलि
स्व. सरदार बीरा सेठ की पुण्यतिथि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल भी पहुंचे। उन्होंने स्व. बीरा सेठ के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ किया।

दोनों घोषणाओं पर जताई प्रसन्नता
चौतन्य बघेल ने कहा की स्वर्गीय वीरा सेठ सरल व्यवहार के थे और उन्होंने हमेशा लोगों की सहायता की है। आज भी एचटीसी और भिलाई ट्रक ट्रेलर एसोसिएशन उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंदों की मदद कर रहा है। आज जो घोषणा की गई हैं, वह काफी सराहनीय हैं। एक योजना से पूरे शहरवासी लाभान्वित होंगे, वहीं दूसरी योजना से एसोसिएशन के सदस्यों को सहायता मिलेगी।



































