AMBIKAPUR. शहर के मणिपुर चौकी के थोर गांव से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां एक ही परिवार के पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या की गई है। हत्यारों ने पति की हत्या के बाद 10 साल के बच्चे को भी घायल कर दिया। इसके बाद पत्नी को ले गए। बाद में पत्नी की लाश 40 किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ से लटकती पाई गयी।

यह खौफनाक घटना जिले की मणिपुर चौकी क्षेत्र की है। अपर पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के अनुसार पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि थोर गांव में रहने वाले आशाराम यादव का शव घर में ही पड़ा हुआ है। वहीं उसका 10 साल का बेटा भी तड़प रहा है।
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही बालक को वाहन की व्यवस्था कर मेडिकल कालेज अस्पताल रवाना किया गया। वहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए तत्काल रायपुर रेफर करने का फैसला किया गया, और मेकाहारा के लिए रवाना किया गया।

इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई कि इस वारदात को आखिर किसने अंजाम दिया है, जो छोटे बच्चों को भी नहीं बख्शा गया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही थी। उन्हें बताया गया कि उसकी पत्नी भी साथ रहती है जो कि मौके से गायब है। तभी पुलिस को सूचना मिली कि वहां से करीब 40 किलोमीटर दूर उदयपुर के मटकी जंगल में एक महिला की अर्धनग्न लाश मिली है जो कि फंदे पर लटकी हुई है। इसकी तस्दीक करने पर पता चला कि वह मृतक आशाराम की पत्नी उर्मिला यादव है।

इससे स्पष्ट हो गया कि पति-पत्नी दोनों की हत्या की गई है, जबकि उनके बेटे को भी मारने का प्रयास किया गया है। पुलिस अब इस वारदात के बाद अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। पता किया जा रहा है कि कहीं आशाराम के परिवार की किसी के साथ दुश्मनी तो नहीं थी। कहीं लूट या किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम देते हुए तो नहीं हमला किया गया है।

अर्धनग्न अवस्था में मिली महिला की लाश
अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि महिला की लाश अर्धनग्न अवस्था में मिली है पर प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की आशंका प्रतीत नहीं हो रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे कुछ अहम सुराग मिल सकता है कि आखिर किस तरह घटना को अंजाम दिया गया है, जिससे आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की जा सके।







































