तीरंदाज, डेस्क। कहते हैं फिल्में कई बार हमें काफी कुछ सिखा जाती है। कुछ फिल्मों से प्रभावित होकर आप अच्छा करते हैं तो कुछ फिल्में आपकों चोरी और ठगी के तरीके भी बता जाती है। ऐसी ही एक घटना पंजाब के खन्ना जिले में सामने आई। बॉलीवुड फिल्म सुपर 26 की तर्ज पर यहां पर चार बदमाश इनकम टैक्स का अफसर बनकर एक घर में घुसे और पूरे परिवार को एक कमरे में बंद किया और जांच के नाम पर 25 लाख रुपए घर से लेकर भाग गए।

घटना पन्ना जिले के रोहनो खुर्द गांव की है जहां बदमाशों ने लूट की इस घटना को अंजाम दिया। घरवालों को जब वारदात का पता चला तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अज्ञात लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। लूट का शिकार हुए परिवार का कहना है कि जमीन बेचने के बाद मिले रुपए घर पर रखे थे और लुटेरे इन्हीं रुपयों पर हाथ साफ कर चले गए।

मिली जानकारी के अनुसार खन्ना के गांव रोहनो खुर्द के रहने वाले पीड़ित सज्जन सिंह व गुरदीप सिंह के घर पर यह वारदात हुई। पीड़तों ने बताया कि सुबह एक गाड़ी घर के आगे रुकी। जिसमें सवार चार लोग तेजी से घर में घुस गए और खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताते हुए कहने लगे कि आपके पास घर में बड़ी मात्रा में कैश होने की जानकारी मिली है इसलिए जांच के लिए आए हैं।

पीड़ितों ने बताया कि हमने एक जमीन बेची थी, उसी का कैश घर में रखा था और दूसरी जमीन लेने की तैयारी थी। इस बीच नकली अफसर पहुंचे और सारी रकम लूट ले गए। लुटेरे पहुंचे तो दो के पास पिस्तौल भी थी। इन लोगों ने सभी को एक कमरे में बंद कर दिया। इधर इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने वालों को यह पता था कि इन लोगों ने जमीन बेची है और इनके घर पर भारी मात्रा में कैश रखा हुआ है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी लुटेरे पकड़े जाएंगे।






































