तीरंदाज न्यूज। पंजाब के फिरोजपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक कैदी ने दावा किया है कि जेल प्रहरी ने गर्म लोहे की रॉड से उसकी पीठ पर ‘गैंगस्टर’ लिखा था। कैदी तरसेम सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला पंजाब के फिरोजपुर जेल का बताया जा रहा है।

कैदी तरसेम सिंह 2017 से फिरोजपुर जेल में लूट के एक मामले में बंद है। उन्होंने यहां जिला एवं सत्र अदालत में आरोप लगाया कि एक जेल प्रहरी ने उसकी पीठ पर लोहे की गर्म छड़ों से पंजाबी में ‘गैंगस्टर’ शब्द लिखा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, तरसेम बुधवार को कपूरथला कोर्ट में पेश हुआ था, जहां उसने अपनी शर्ट दिखाई और जेल स्टाफ पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी जान को खतरा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार ने आदेश दिया कि कैदी को मेडिकल जांच कपूरथला सिविल अस्पताल में की जाए। इसके साथ ही 20 अगस्त को रिपोर्ट सौंपी जाए। कपूरथला के एसएमओ डॉ. संदीप धवन ने कहा है कि जो भी जरूरी होगा, किया जाएगा।

मामले की सुनवाई की अगली तारीख 24 अगस्त है। इस बीच, जेल अधिकारियों ने आरोपों से इनकार किया है। उसने कहा है कि मामला कुछ दिन पहले का है और तरसेम ने खुद एक अन्य कैदी से अपनी पीठ पर यह लिखकर जेल अधिकारियों को निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा, ‘कैदी ने इसके लिए माफी मांगी थी लेकिन कल जब वह अदालत गया तो उसने झूठे आरोप लगाए।





































