गरियाबंद। यहां के कुकदा बांध में गुरुवार को पिकनिक मनाने पहुंचे तीन लोग डूब गए हैं। सूचना मिलते ही रेस्क्यू शुरू कर दिया है। शाम तक चले रेस्क्यृ के दौरान तीनों के शव बरामद कर लिए गए। सबसे पहले युवती को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम तक दो अन्य युवकों के शव भी बरामद कर लिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को रायपुर, धमतरी व कांकेर से गरियाबंद कुकदा बांध पर पिकनिक मनाने 8 से 10 लोग पहुंचे। इनमें युवक व युवतियां शामिल हैं। पिकनिक के दौरान इन लोगों ने बांध में नहाने उतरे। इसी दौरान राकेश, लक्ष्य और रीता गहरे पानी में फंस गए। तीनों को डूबता देख साथियों ने बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, लेकिन निकाल नही सके।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इकसे बाद पुलिस व जिला प्रशासन की मौजुदगी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस हादसू में रायपुर निवासी लक्ष्य वर्मा, धमतरी के मगरलोड निवासी रीता कुमारी (27) और कांकेर निवासी राकेश तेता की मौत हो गई है। यह सभी लोग एक NGO में काम करते हैं। कुकदा बांध गरियाबंद जिला मुख्यालय से 25 किमी की दूरी पर है। यहां नीजी फाउंडेशन के बच्चे पिकनिक मनाने पहुंचे थे और यह हादसा हो गया।
धमतरी एएसपी चंद्रेश ठाकुर ने बताया कि घटना करीब दोपहर 12 बजे की है। सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर बचाव दल के साथ पुलिस की टीम पहुंची थी। इस दौरान करीब डेढ़ बजे युवती का शव मिला। इसके बाद लगातार खोजबीन की जाती रही। शाम तक डूबे दो अन्य युवकों के शव मिल गए। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण नहाने के दौरान गहराई में फंसना सामने आया है।