तीरंदाज, कोंडागांव। यहां नेशनल हाइवे पर बड़ा हादसा हो गया है। तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई है वहीं कार में सवार पति पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना कोंडागांव सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। घायल पति पत्नी को कोंडागांव जिला अस्पताल में भर्ती करवा गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मृतक कार चालक की पहचान लोकेश पिल्ले के रूप में हुई है। युवक केशकाल का निवासी बताया जा रहा है। लोकेश पिल्ले अपनी कार से महासमुंद निवासी रिजवान और उसकी पत्नी सियोना को जगदलपुर उनके रिश्तेदार के घर छोड़ने जा रहा था। इस बीच कोंडागांव-जगदलपुर के बीच जोबा के पास मोड़ में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना में कार चालक लोकेश पिल्ले की मौके पर ही मौत हो गई और पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को शव निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर से कार के दरवाजों को काटकर शव को निकाला गया। वहीं घायल दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है हादसे के बाद लगभग एक घंटे तक शव कार में ही फंसा रहा।
हाल ही में हुई थी शादी
हादसे में मृत कार चालक लोकेश की हाल ही में शादी हुई थी। पुलिस ने बताया कि लोकेश पिल्ले की एक माह पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने हादसे की सूचना उसके घर परिवार को दी है। सूचना मिलने के बाद घर पर मातम पसर गया है। प्रत्यक्षदर्शियो ने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी और कार की रफ्तार भी काफी ज्यादा रही। जब कार पेड़ से टकराई तब धमाके की आवाज आई थी।