तीरंदाज, छिंदवाड़ा। मुर्गी के कारण दंपती ने जहर खा लिया सुनकर थोड़ा अजीब जरूर लगे लेकिन यह सच्ची घटना है। मुगी ने देवर-देवरानी व जेठ-जेठानी के बीच ऐसा बवाल मचाया कि देवर-देवरानी जहर खा लिया। इससे पहले की इन्हें कुछ हो जाता तत्काल इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में दोनों की हालत में सुधार है। पुलिस ने जेठ-जेठानी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह बवाल मुर्गी के खाना झूठा करने से शुरू हुआ। एक मुर्गी के खाना झूठा कर देने पर देवर-देवरानी और जेठ-जेठानी के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि देवर व देवरानी ने जहर खा लिया। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों का बयान ले लिया है वहीं मामले में जेठ व जेठानी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक छिंदवाड़ा जिले के झिरलिंगा गांव निवासी विनोद और उनकी पत्नी कमला ने विवाद के बाद जहर खा लिया। इन दोनों को यहां के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार अस्पताल पूछताछ के दौरान अपने बयान में कमला ने बताया कि उनका जेठ-जेठानी के साथ काफी पहले से विवाद चल रहा था। आए दिन इनके साथ विवाद होता था जिसके कारण वे दोनों अलग रह रह रहे थे।
कमला ने बताया कि उसने जो खाना बनाया था उसे जेठानी की मुर्गी ने झूठा कर दिया। जब इसकी शिकायत जेठ-जेठानी से की तो विवाद करने लगे। इस दौरान विवाद काफी बढ़ गया। जिससे आहत विनोद और उसकी पत्नी कमला ने ज़हर खा लिया। फिलहाल पुलिस ने जेठ-जेठानी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यही मामला है या कुछ और भी हो सकता है।