तीरंदाज डेस्क। पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी मंत्रीमंडल की घोषणा कर दी है। शनिवार को चंडीगढ़ में 10 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। सबसे पहले हरपाल चीमा ने शपथ ली। हरपाल चीमा के बाद मलोट की विधायक डॉ. बलजीत कौर ने मंत्री पद की शपथ ली। गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे।
इसके बाद हरभजन सिंह ईटीओ ने शपथ ली। हरभजन के बाद मानसा से विधायक डॉ. विजय सिंगला, भोआ से विधायक बने लालचंद कटारूचक्क, बरनाला के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत भुल्लर और ब्रह्म शंकर जिंपा ने भी मंत्रीपद की शपथ ली। सबसे अंत में हरजोत सिंह बैंस ने मंत्रीपद की शपथ ली।
मान में मंत्री में डॉक्टर, इंजीनियर व वकील
मान मंत्रिमंडल में तीन वकील, दो-दो डॉक्टर और किसान शामिल हैं। वहीं, एक-एक इंजीनियर, बिजनेसमैन और समाजसेवी को भी जगह मिली है। भगवंत मान कैबिनेट में युवा चेहरों को तरजीह दी गई है। अजनाला से जीते 60 साल के कुलदीप सिंह धालीवाल मान कैबिनेट के सबसे बुजुर्ग मंत्री हैं। नए मंत्रिमंडल की औसत उम्र 46 साल 11 महीने है। मुख्यमंत्री समेत कुल 11 मंत्रियों में 31 साल के हरजोत सिंह भगवंत मान सबसे युवा मंत्री हैं।
कुलतार संधवां बन सकते हैं स्पीकर
मंत्रीमंडल के गठन के बाद विधानसभा स्पीकर कौन होगा इसकी भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि कोटकपूरा से विधायक कुलतार संधवां विधानसभा को स्पीकर बनाया जाएगा। संधवां ने इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर दी। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान का आभार जताया। यानी पंजाब विधानसभा का स्पीकर भी तय है।
जानें मुख्यमंत्री मान के मंत्रियों के बारे
हरपाल सिंह चीमा : दिड़बा से लगातार दूसरी बार विधायक बने चीमा विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रहे हैं। चीमा वकील रहे हैं और आम आदमी पार्टी के साथ शुरू ही जुड़े रहे हैं। वे पार्टी के बड़े दलित नेता माने जाते हैं।
डॉ. बलजीत कौर : डॉ. बलजीत कौर फरीदकोट से आप के पूर्व सांसद प्रो. साधु सिंह की बेटी हैं और मलोट से विधायक का चुनाव जीती हैं। वे नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं।
हरभजन सिंह : हरभजन सिंह जंडियाला से विधायक हैं। वे 2012 में ईटीओ बने थे और 2017 में स्वैच्छिक सेवानिवृति लेकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे।
डॉ. विजय सिंगला : मानसा से विधायक बने डॉ. सिंगला ने प्रसिद्ध पंजाबी गायक और कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू मूसेवाला को मात दी थी। वे पेशे से डेंटल सर्जन हैं।
लालचंद कटारूचक्क : लाल चंद भोआ से विधायक का चुनाव जीते हैं। वे समाजसेवी हैं और पहली बार ही चुनाव जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता जोगिंदर पाल को मात दी थी।
गुरमीत सिंह मीत हेयर : मीत हेयर लगातार दूसरी बार बरनाला से विधायक बने हैं। वे बीटेक के बाद दिल्ली आईएएस की तैयारी करने गए थे। वहीं अन्ना हजारे आंदोलन से जुड़े और बाद में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। मीत हेयर 32 साल के हैं।
हरजोत सिंह : श्री आनंदपुर साहिब से हरजोत सिंह बैंस ने पंजाब विधानसभा स्पीकर राणा केपी सिंह को मात दी थी। लंदन से पढ़े हरजोत सिंह वकील हैं। पिछली बार वे साहनेवाल से चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे।
लालजीत भुल्लर : भुल्लर ने पट्टी से आदेश प्रताप सिंह कैरों को मात दी थी। कैरों प्रकाश सिंह बादल के दामाद हैं। पट्टी की अनाज मंडी में आढ़त का काम करने वाले लालजीत सिंह भुल्लर किसी समय कैरों के करीबी होते थे।
ब्रह्म शंकर जिम्पा : जिंपा ने होशियारपुर से मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को मात दी थी। ब्रह्मशंकर का अपना बिजनेस है। वे छात्र जीवन से ही राजनीति से जुड़े हुए हैं। वे 25 साल पार्षद रह चुके हैं।
कुलदीप सिंह धालीवाल : अजनाला से विधायक बने कुलदीप सिंह धालीवाल सात साल पहले वे आप से जुड़े थे। 2017 में उन्हें टिकट नहीं मिला था। 2019 में गुरदीप औजला के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन वे हार गए थे।