गरियाबंद। होली के दिन जिले में बड़ी घटना सामने आई है। छुरा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में होली की खुशियां मातम में बदल गई। एक घर में पति पत्नी के शव मिले जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया। गांव के लोग होली खेलने में मस्त थे और उक्त घर में पति का शव फंदे पर लटका था और पत्नी का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के बोडराबांधा गांव में वेदप्रकाश पटेल (25) और उसकी पत्नी भारती पटेल (24) के शव होली के दिन उनके घर पर मिले। भारती पटेल का शव बिस्तर पर पड़ा था और वेद प्रकश का शव फंटे में लटका हुआ था। इस दौरान घर पर कोई नहीं था। मृतक वेदप्रकाश के माता पिता काम करने खेतों पर चले गए और बाकि लोग गांव में होली खेलने में व्यस्त थे।
जब वेदप्रकाश के माता-पिता सुबह दोपहर 12 बजे के आसपास घर लौटे तो देखा कि वेदप्रकाश पटेल का शव उसके कमरे के पंखे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। उसकी पत्नी बिस्तर में पड़ी थी। बदहवास परिजनों ने गांव वालों की मदद से दोनों को अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों पे उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। शुक्रवार को उनका पीएम नहीं हो सका।
विवाद की बात आई सामने
छुरा थाना पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि भारती पटेल गर्भवती थी। पति पत्नी के बीच बच्चे के जन्म स्थान को लेकर विवाद हो रहा था। पत्नी चाहती थी कि उसका पहला बच्चा मायके में हो वहीं पत चाहता था उसका बच्चा उसके घर पर हो। पुलिस को आंशका है कि होली के दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके कारण यह वारदात हुई।
पीएम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
गरियाबंद के एएसपी सीएस ठाकुर ने बताया कि अनुमान है कि विवाद के कारण पति पत्नी में मारपीट हुई होगी। संभावना है कि पति ने अपनी पत्नी का गला दबा दिया हो और उसके बाद उसने फांसी लगाई होगी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही फंदे से शव को उतार लिया गया था। दोनों शवों का पीएम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि पत्नी की मृत्यू कैसे हुई।