बीजापुर। सप्ताह भर में फोर्स को दूसरी बड़ी सफलता मिली है। तीन लाख का दूसरा माओवादी मारा गया है। बीजापुर क्षेत्र के जंगलों की ओर सर्चिंग में निकले पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। वहीं एक जवान भी घायल हो गया। जवानों ने नक्सलियों के हथियार बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ कैका और मौसला के बीच जंगलों में होना बताया जा रहा है। डीआरजी एवं सीआरपीएफ 222 बटालियन की संयुक्त कार्यवाही में 3 लाख का इनामी माओवादी (नेशनल पार्क एरिया कमिटी सदस्य/ सेंड्रा LOS डिप्टी कमांडर) रितेश पुनेम मारा गया है। फिलहाल सर्चिंग ओपरेशन जारी है।
बीजापुर एएसपी के अनुसार जवानों ने माओवादी के कब्जे से 1 हथियार, पिट्ठू, नक्सल सामग्री और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है। मृतक माओवादी जिला बीजापुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के हत्या, आगजनी और लूटपाट की घटनाओं में शामिल था। वहीं मुठभेड़ में घायल जवान रामलु हेमला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले बी तीन लाख का इनामी नक्सली मारा गया था। दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में डीआरजी जवानों की सर्चिंग के दौरान एक 3 लाख के इनामी नक्सली को मार गिराने में सफलता मिली थी। घटना स्थल की सर्चिंग करने पर एक पुरुष माओवादी का शव बरामद किया गया था। इसके अलावा एक देशी पिस्टल, 5 किलो वजनी एक आईईडी, एक नक्सल वर्दी, पिटटू, वायर, नक्सल साहित्य और दैनिक उपयोगी की सामग्री मिली थी।
दंतेवाड़ा एसपी सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार मावादियों के सभी आवक के रास्ते धीरे-धीरे बंद हो रहे हैं। अब वे ठिकानों के लिए भटकने लगे हैं। जिले में स्पेशल टास्क फोर्स के जवानों और नक्सलियों की हुई मुठभेड़ का जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसके बाद नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग गए। क्षेत्र की सर्चिंग करने पर एक नक्सली का शव मिला। मारे गए नक्सली की पहचान माओवादी संगठन दरभा डिवीजन के प्लाटून नंबर 31 के सदस्य लखमा कवासी के रूप में हुई। इस नक्सली पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस हमले में स्पेशल टास्क फोर्स का एक जवान घायल हो गया। वहीं कई नक्सलियों के भी घायल होने की खबर है।
(TNS)