तीरंदाज डेस्क। यूक्रेन के खिलाफ रूस की सैन्य कार्रवाई लगातार छठे दिन भी जारी है। इस बीच दोनों देशों के बीच हुई बैठक बेनतीजा रही। दोनों देशों के बीच बेलारूस के गोमेल में प्रिपेट नदी के किनारे वाता हुई जहां पांच घंटे तक दोनों देश चर्चा करते रहे। वार्ता के बारे में रूसी प्रतिनिधि ने कहा हमने एजेंडे के सभी बिंदुओं पर चर्चा की। अभी वार्ता के बारे में दोनों पक्ष अपने नेतृत्व को जानकारी देने लौटे हैं और आने वाले दिनों में फिर वार्ता होगी।
इधर इस संकट को हल करने की डिप्लोमैटिक कोशिशें भी की जा रही है। इसके लिए यूनाइटेड नेशन ह्यूमन राइट्स काउंसिल (UNHRC) ने इमरजेंसी डिबेट का प्रस्ताव दिया। जिस पर वोटिंग भी लेकिन भारत ने इससे दूरी बनाई। भारत के साथ ही 13 देशों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
बता दें कि रूस यूक्रेन युद्ध के बीच दुनिया भर के देश इसे खत्म करने पर जोर दे रहे हैं। इस बीच रूस व यूक्रेन के बीच सोमवार को पांच घंटे सी ज्यादा देर तक बैठक हुई। इस बैठक में यूक्रेन ने मांग रखी कि रूस तुरंत युद्ध रोके और दोनबास व क्रीमिया समेत यूक्रेन के सभी इलाकों से सेना हटाए। वहीं रूस ने यूक्रेन पर हमले जारी रखने के साथ परमाणु ट्रायड की तैयारी शुरू कर दी। मिसाइल कमांड भी अलर्ट पर है। यही नहीं रूसी सेना ने यूक्रेनी नागरिकों कीव छोड़ने की सलाह दी है।
UNHRC के इमरजेंसी डिबेट से भारत सहित 13 देशों ने नहीं लिया भाग
इस संकट को हल करने की डिप्लोमैटिक कोशिशों के तहत यूनाइटेड नेशन ह्यूमन राइट्स काउंसिल (UNHRC) ने इमरजेंसी डिबेट का प्रस्ताव दिया। इस प्रस्ताव के पक्ष में 29 और विपक्ष में 5 वोट पड़े। भारत समेत 13 देशों ने UNHRC के इमरजेंसी डिबेट के लिए हुए मतदान में भाग नहीं लिया। UNHRC में कुल 47 सदस्य हैं। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के विशेष सत्र में रूस और यूक्रेन के डिप्लोमैट ने तल्ख बयान दिए।
यूक्रेनी डिप्लोमैट ने कहा कि अगर यूक्रेन नहीं बचता है, तो संयुक्त राष्ट्र भी नहीं बचेगा। वहीं रूस के प्रतिनिधि ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए यूक्रेन को ही जिम्मेदार ठहराया है। UN में उन्होंने कहा कि कीव के नागरिक बिना किसी परेशानी के राजधानी छोड़कर जा सकते हैं। इधर अमेरिका ने रूस के खिलाफ कड़ा एक्शन लेते हुए उसके 12 डिप्लोमैट को देश से निकाल दिया है।
युद्ध में अब तक 352 यूक्रेनी नागरिकों की मौत
यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 14 बच्चों समेत 352 यूक्रेनी नागरिक अबतक युद्ध के दौरान मारे जा चुके हैं। 1684 लोग घायल हैं। हालांकि स्वतंत्र सूत्रों के अनुसार मृतकों की संख्या इससे कहीं अधिक है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 5 लाख लोग यूक्रेन छोड़कर पड़ोसी देशों में जा चुके हैं। इधर यूक्रेन राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सेना बनाने की घोषणा भी कर दी। उन्होंने कहा मैं पूरी दुनिया के लोगों से इस सेना में शामिल होने की अपील करता हूं।