BASTAR NEWS. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मुस्लिम प्रोफेसर और हिंदू छात्रा के विवाह आवेदन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बकावंड कॉलेज में पदस्थ प्रोफेसर मोहम्मद कलीम ने कॉलेज की एक छात्रा से शादी करने के लिए अपर कलेक्टर न्यायालय में आवेदन दिया था। मामले की जानकारी सामने आने के बाद छात्रा के परिजन और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पदाधिकारी न्यायालय पहुंच गए और विवाह आवेदन पर आपत्ति दर्ज कराई।
एक महीने पहले दिया था विवाह का आवेदन
जानकारी के मुताबिक, प्रोफेसर मोहम्मद कलीम ने छात्रा के साथ विवाह करने के लिए करीब एक महीने पहले अपर कलेक्टर न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। इस आवेदन पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 4 नवंबर निर्धारित थी। इसी दौरान छात्रा के परिजनों को मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने समाज के लोगों और विश्व हिंदू परिषद को इसकी सूचना दी।
परिजनों ने लगाए दबाव बनाने के आरोप
छात्रा के परिजनों का आरोप है कि उसे बहला-फुसलाकर शादी के लिए दबाव बनाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने न्यायालय पहुंचकर विवाह आवेदन पर आपत्ति दर्ज कराई और विवाह प्रक्रिया रोकने की मांग की।
VHP ने बताया ‘लव जिहाद’ का मामला
विश्व हिंदू परिषद ने इस मामले को ‘लव जिहाद’ बताते हुए विवाह प्रक्रिया रोकने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि न्यायालय की ओर से आवेदन निरस्त नहीं किया जाता है, तो संगठन छात्रा और उसके परिवार के साथ खड़ा रहेगा। फिलहाल विवाह आवेदन पर दर्ज आपत्तियों को लेकर मामला चर्चा में है। अब इस पूरे प्रकरण में न्यायालय के फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं।





































