JOB NEWS. सरकारी कंपनी में ट्रेनिंग के जरिए करियर की शुरुआत करना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छा मौका है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के पदों पर भर्ती की जाएगी। यह भर्ती HAL के टेक्निकल इंस्टीट्यूट कोरवा के लिए निकाली गई है। इच्छुक उम्मीदवार 13 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में इंजीनियरिंग और नॉन-इंजीनियरिंग दोनों वर्गों के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों के लिए संबंधित ब्रांच में चार वर्षीय BE या BTech डिग्री होना जरूरी है। इसमें मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिविल और कंप्यूटर साइंस जैसी ब्रांच शामिल हैं।

वहीं, नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए BCA, BSc, BCom और BA डिग्रीधारी उम्मीदवार पात्र होंगे। इसके अलावा संबंधित योग्यता रखने वाले डिप्लोमा और ITI पास अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। ऐसे उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकेंगे, जो पहले किसी संस्थान में अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग पूरी कर चुके हैं। जिनकी डिग्री या डिप्लोमा की अवधि 15 फरवरी 2027 तक पांच साल पूरी कर लेगी, वे भी पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा एक साल या उससे अधिक का कार्य अनुभव रखने वाले और कॉरेस्पोंडेंस मोड से डिग्री या डिप्लोमा करने वाले अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाएंगे।

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 13 नवंबर 2026 तक 26 साल निर्धारित की गई है। OBC वर्ग को तीन साल और SC-ST वर्ग को पांच साल की छूट मिलेगी। अन्य पात्र आरक्षित श्रेणियों को भी सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। HAL अप्रेंटिस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बिना किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता में प्राप्त अंकों के आधार पर 100 प्रतिशत मेरिट लिस्ट तैयार होगी। मेरिट में चयनित उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। चयनित अभ्यर्थियों को एक साल की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान अप्रेंटिसशिप नियमों और बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग (BOAT), कानपुर के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मासिक स्टाइपेंड मिलेगा।

HAL अप्रेंटिस भर्ती के लिए ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले NATS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
HAL कोरवा का ऑनलाइन आवेदन फॉर्म खोलें।
नाम, शैक्षणिक योग्यता और NATS रजिस्ट्रेशन नंबर सहित जरूरी जानकारी भरें।
आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
आवेदन फॉर्म की जांच कर सबमिट कर दें।
आवेदन की अंतिम तारीख: 13 नवंबर 2026



































