JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर में सराफा कारोबारी के गहनों और नकदी से भरे दो बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। कारोबारी ने बैग में करीब 5 करोड़ रुपये की ज्वेलरी और 15 लाख रुपये नकद होने का दावा किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर निवासी गुरकीरत सिंह उर्फ कीरत सिंह सोने के गहने तैयार करवाकर देश के अलग-अलग शहरों में बड़े शोरूम को सप्लाई करते हैं। उनके साथ रामेश्वर नाम का हेल्पर भी काम करता है। दोनों 21 अक्टूबर को व्यापार के सिलसिले में अमृतसर से निकले थे। दिल्ली में गहने बेचने के बाद वे सतना पहुंचे और वहां से पन्ना, बांदा होते हुए छतरपुर गए।
छतरपुर से झांसी जाते समय हुई वारदात
बताया गया कि 28 अक्टूबर को छतरपुर में कारोबार करने के बाद दोनों बस से झांसी के लिए रवाना हुए। बुधवार शाम करीब 5:50 बजे बस मऊरानीपुर बस स्टैंड पहुंची। इसी दौरान बस में भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात लोग गहनों और नकदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए।
कारोबारी के मुताबिक, दोनों बैग बस की सीट के ऊपर बनी जाली पर रखे हुए थे। जब उन्हें बैग गायब होने का पता चला, तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद बस रुकवाई गई और काफी तलाश की गई, लेकिन बैग नहीं मिले। आखिरकार पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
बैग में 3.4 किलो जेवर और 15 लाख रुपये होने का दावा
कारोबारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरी हुए बैग में करीब 3 किलो 400 ग्राम सोने के जेवर, 200 ग्राम पक्का सोना और 15 लाख रुपये नकद रखे थे। उन्होंने चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई है।

हालांकि, चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस शिकायत में बताए गए सामान और उसकी कीमत से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
मामले की जानकारी मिलते ही मऊरानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कारोबारी से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस अब बस स्टैंड और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
मऊरानीपुर के सीओ रत्नेश सिंह के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर घटनास्थल की पड़ताल शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सुरागों के आधार पर मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।
चार साल से गहनों का कारोबार कर रहे हैं गुरकीरत सिंह
गुरकीरत सिंह ने बताया कि वह पिछले करीब चार साल से ऑर्डर पर सोने के गहने तैयार करवाने और उन्हें अलग-अलग राज्यों के शहरों में बेचने का काम कर रहे हैं। वह मुख्य रूप से बड़े ज्वेलरी शोरूम को ही गहने सप्लाई करते हैं। कारोबार के सिलसिले में उन्हें अक्सर दूसरे शहरों की यात्रा करनी पड़ती है।




































