RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के रोमांचक हवाई प्रदर्शन को देखने का मौका मिलेगा। 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में एक साथ उड़ान भरते हुए आकर्षक संरचनाएं बनाएंगे और हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। टीम में दो महिला पायलट भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सारंग टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।

सारंग टीम स्वदेशी तकनीक से विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के जरिए हवाई प्रदर्शन करती है। टीम के पांच हेलीकॉप्टरों का एक साथ उड़ान भरना, निर्धारित दूरी बनाए रखना और बेहद सटीक तालमेल के साथ अलग-अलग संरचनाएं बनाना इस शो का प्रमुख आकर्षण होगा। टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार कर रहे हैं। उनके साथ स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। टीम के प्रदर्शन में पायलटों के बीच समन्वय, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और कठिन प्रशिक्षण की झलक देखने को मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी होगा। भारतीय वायु सेना अपने साहस, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के लिए दुनिया भर में सम्मानित है। इस तरह के आयोजन युवाओं को बड़े सपने देखने और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सारंग टीम में महिला पायलटों की भागीदारी प्रदेश की बेटियों के लिए भी प्रेरणा है। आज महिलाएं रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उनकी उपलब्धियां बेटियों को नए अवसरों की ओर बढ़ने का संदेश देती हैं।

राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा एयर शो
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना दिवस पर आयोजित यह प्रदर्शन भारतीय वायु सेना के शौर्य और देश की तकनीकी क्षमता को प्रदर्शित करेगा। स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश की उपलब्धियों का उदाहरण हैं। सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने राज्योत्सव में शामिल होने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि टीम का उद्देश्य हवाई करतब दिखाने के साथ युवाओं में साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देना भी है।

‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ के आदर्श वाक्य के साथ सारंग टीम देश-विदेश में प्रदर्शन करती रही है। नवा रायपुर में होने वाला एयर शो राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे।




































