RAIPUR NEWS. टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले वाहन चालकों को मासिक पास बनवाने के लिए अब टोल प्लाजा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राजमार्ग यात्रा एप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू की है। मासिक पास का शुल्क पहले की तरह 360 रुपए ही रहेगा। नई व्यवस्था से उन लोगों को राहत मिलेगी, जो रोजाना काम, खेती या कारोबार के लिए टोल प्लाजा से गुजरते हैं। अब तक मासिक पास बनवाने के लिए वाहन मालिकों को संबंधित टोल प्लाजा पहुंचकर आवेदन करना पड़ता था। इसके लिए जरूरी दस्तावेज जमा करने होते थे।

दस्तावेजों की जांच और मंजूरी के बाद पास जारी किया जाता था। इस प्रक्रिया में समय लगता था और दस्तावेज अधूरे होने पर दोबारा टोल प्लाजा जाना पड़ सकता था। ऑनलाइन सुविधा से आवेदन की प्रक्रिया आसान होगी और वाहन चालक मोबाइल से ही जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। मासिक डिजिटल पास की सुविधा का ट्रायल रायगढ़-बिलासपुर मार्ग स्थित जेठा टोल प्लाजा पर किया गया था। परीक्षण के बाद इसे छत्तीसगढ़ के 20 टोल प्लाजा पर लागू किया गया है। आवेदन के दौरान वाहन की पात्रता, पते के सत्यापन और पास से संबंधित नियमों की जानकारी एप पर देखी जा सकेगी।

एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार, पात्र दिव्यांगजनों के लिए मुफ्त फास्टैग पास की सुविधा भी उपलब्ध है। दी गई जानकारी के मुताबिक, 40 से 70 प्रतिशत दिव्यांगता वाले पात्र लोगों के पास की अवधि एक साल से बढ़ाकर तीन साल की गई है। वहीं, 70 से 100 प्रतिशत दिव्यांगता वाले पात्र लोगों के लिए भी मुफ्त फास्टैग पास का प्रावधान है। इसके लिए निर्धारित पात्रता और दस्तावेजों की शर्तें लागू होंगी।

ये दस्तावेज जरूरी
आधार कार्ड या पते के सत्यापन के लिए जरूरी जानकारी।
वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और आरसी।
वाहन में लगा फास्टैग।
ऑनलाइन सत्यापन के लिए मोबाइल नंबर।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
मासिक पास बनवाने के लिए राजमार्ग यात्रा एप खोलें और संबंधित टोल प्लाजा का चयन करें। इसके बाद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और मांगी गई जानकारी दर्ज करें। पते का सत्यापन और पात्रता की पुष्टि होने के बाद ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करें।





































