RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हाई अलर्ट के बीच चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। हीरापुर इलाके में स्थित बंद पड़ी अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में घुसे चोरों ने चौकीदार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और करीब 800 किलो कॉपर वायर लेकर फरार हो गए। चोरी हुए वायर की कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। मामले की जांच कबीर नगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम कर रही है।
रात डेढ़ बजे फैक्ट्री में घुसे चोर, सुबह 5 बजे तक मचाते रहे उत्पात
जानकारी के मुताबिक, चोरों का गिरोह देर रात करीब डेढ़ बजे फैक्ट्री में दाखिल हुआ। आरोपियों ने फैक्ट्री की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां तैनात चौकीदार दिलीप वर्मा को अपने कब्जे में ले लिया। चौकीदार ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और बेरहमी से पिटाई की। मारपीट में चौकीदार के पैर में चोट आई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी चौकीदार को काबू में रखने के बाद फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्सों में घूमते रहे। करीब चार घंटे तक चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुबह पांच बजे के आसपास मौके से फरार हो गए।
800 किलो कॉपर वायर काटकर ले गए आरोपी
चौकीदार को बंधक बनाने के बाद चोरों ने फैक्ट्री में रखे कॉपर वायर को काटना शुरू किया। आरोपी करीब 800 किलो कॉपर वायर समेटकर ले गए। चोरी हुए वायर की कीमत लगभग 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों ने फैक्ट्री के कार्यालय की अलमारियों को भी खंगाला और कीमती सामान चोरी करने की आशंका है। हालांकि, चोरी गए अन्य सामान की पूरी जानकारी सामने आना बाकी है।
सबूत मिटाने के लिए CCTV कैमरे और DVR भी उखाड़े
वारदात के बाद चोरों ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला डीवीआर भी उखाड़ लिया। माना जा रहा है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने और पुलिस के हाथ सबूत लगने से रोकने के लिए ऐसा किया होगा। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। चौकीदार के मुताबिक, सभी आरोपी चेहरे पर गमछा बांधे हुए थे। वारदात के दौरान कुछ आरोपी उस पर नजर रखे हुए थे, ताकि वह शोर न मचा सके और किसी को सूचना न दे पाए।
कबीर नगर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कबीर नगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर चोरी होने के कारण पुलिस आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है।




































