RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से शुरू हो रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। लीग के स्ट्रीमिंग पार्टनर जियोहॉटस्टार पर 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक कुल 18 मैचों का सीधा प्रसारण होगा। दर्शक रोजाना शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में मुकाबले देख सकेंगे। हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त इस लीग में छत्तीसगढ़ के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में भारतीय हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल होंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि लाइव स्ट्रीमिंग से राज्य की हॉकी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन लीग फॉर्मेट में किया जाएगा। इसमें सभी टीमें बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान में उतरेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। इसके बाद खिताब के लिए फाइनल मुकाबला 1 नवंबर 2026 को खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता के जरिए राज्य के खिलाड़ियों को अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक हॉकी का अनुभव हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

लीग का प्रमुख आकर्षण भारतीय हॉकी के अनुभवी खिलाड़ी होंगे। इसमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे नाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी के लिए प्रमुख खिलाड़ी यानी मार्की प्लेयर के रूप में जुड़े रहेंगे। इन दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर बेहतर होने और युवा खिलाड़ियों को उनके अनुभव से सीखने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

पहले दिन महिला हॉकी का प्रदर्शनी मैच
पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ महिला हॉकी को बढ़ावा देने के लिए भी पहल की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग टूर्नामेंट के पहले दिन महिलाओं के लिए एक प्रदर्शनी मैच आयोजित करेगा। इस पहल का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना और राज्य में महिला हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना है। इससे अधिक युवतियों को हॉकी से जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

खिलाड़ियों को राज्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय की शुरुआत है। इसका उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जियोहॉटस्टार पर सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग से लीग को व्यापक पहचान मिलेगी। इससे रायपुर के मैदान पर खेलने वाले खिलाड़ियों की प्रतिभा देश और दुनिया के दर्शकों तक पहुंच सकेगी।
‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ से जुड़ेगा छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इसके जरिए राज्य में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाने, स्थानीय खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को इस खेल से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। लीग का लक्ष्य राज्य में हॉकी के माहौल को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार करना और राष्ट्रीय खेल के रूप में हॉकी के विकास में योगदान देना है। आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतियोगिता से छत्तीसगढ़ की खेल पहचान को मजबूती मिलेगी।
कब और कहां देख सकेंगे मैच?
लीग की शुरुआत: 22 अक्टूबर 2026
फाइनल मुकाबला: 1 नवंबर 2026
कुल मैच: 18
प्रतिभागी टीमें: छह फ्रेंचाइजी
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार
प्रसारण का समय: रोजाना शाम 5:30 बजे से

































