RAIPUR NEWS. रायपुर के मोवा इलाके से 12वीं के 17 वर्षीय छात्र को कार में जबरन बैठाकर भिलाई ले जाने और वहां बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर चार युवकों ने छात्र को दलदल सिवनी रोड से कार में बैठाया। रास्ते में कुम्हारी टोल प्लाजा के पास उसका सामान और नकदी ले ली गई। इसके बाद भिलाई के एक मैदान में करीब 10-11 युवकों ने बैट से छात्र की पिटाई की।

पुलिस के मुताबिक मोवा निवासी अनिकेत साहू (17) को 10 सितंबर को अरमान सिद्दीकी, रोशन सोनी, मुदित मिश्रा और शिव सोनी कार से ले गए थे। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने अनिकेत का ब्रेसलेट, चेन, अंगूठी, दो मोबाइल और 40 हजार रुपए ले लिए। भिलाई पहुंचने के बाद कुछ अन्य युवक भी उनके साथ शामिल हो गए।

आरोप है कि मैदान में सभी ने मिलकर छात्र से मारपीट की और बैट से उसकी पिटाई की। हमले में अनिकेत के जबड़े में तीन जगह फ्रैक्चर हो गया। शरीर के कई हिस्सों में भी चोटें आई हैं। गंभीर हालत में छात्र को इलाज के लिए रायपुर डेंटल कॉलेज रेफर किया गया।

घटना की शिकायत के बाद जामुल पुलिस ने अपहरण, लूट और मारपीट समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।







































