KORBA NEWS. महंगी स्पोर्ट्स बाइक चलाने का शौक तीन युवकों को भारी पड़ गया। बाइक खरीदने के पैसे नहीं थे, तो चोरी का रास्ता चुना। लेकिन चोरी के कुछ ही घंटों बाद उसी बाइक की डुप्लीकेट चाबी बनवाने पहुंचे तो पूरा खेल खुल गया। चाबी बनाने वाले दुकानदार ने बाइक को देखते ही पहचान लिया और पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने 19 वर्षीय युवक और दो नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पल्सर आरएस 200 और कुसमुंडा क्षेत्र से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। मामले में मोबाइल भी जब्त किया गया है।

चोरी की बाइक लेकर चाबी बनवाने पहुंचा था युवक
मामला बांकीमोंगरा के कुदरीपारा नंबर-2 मेन रोड का है। पुलिस के मुताबिक, देव कुमार अहिरवार ने 5 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपनी पल्सर आरएस 200 बाइक दुकान के सामने लॉक करके खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे बाइक वहां से गायब मिली। बाइक चोरी होने की शिकायत बांकीमोंगरा थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि चोरी की बाइक के कोरबा के टीपी नगर पहुंचने की जानकारी मिली। बताया गया कि एक युवक बाइक लेकर डुप्लीकेट चाबी बनवाने एक दुकान पर पहुंचा था।

बाइक देखते ही दुकानदार को हुआ शक
बाइक दुकान पर पहुंचते ही संचालक की नजर उस पर पड़ी। बाइक को देखते ही उसे शक हुआ और उसने युवक से वाहन के कागजात मांगे। संदेह बढ़ने पर दुकानदार ने चुपचाप अपने पिता राज अहिरवार को फोन किया। राज अहिरवार ने बताया कि यही बाइक उनके परिवार की चोरी हुई बाइक है। इसके बाद उन्होंने बांकीमोंगरा पुलिस को इसकी जानकारी दी। युवकों को इसकी भनक लगती, उससे पहले पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने 19 साल के युवक और दो नाबालिगों को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, CSEB चौकी की टीम ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें बांकीमोंगरा थाने लाया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू (19), पिता विक्रमलाल निषाद, निवासी भिलाई बाजार, हरदीबाजार के रूप में हुई। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की तो वाहन चोरी की एक और घटना का खुलासा हुआ।

बांकीमोंगरा से बाइक, कुसमुंडा से एक्टिवा चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बांकीमोंगरा से पल्सर आरएस 200 और कुसमुंडा क्षेत्र से एक्टिवा स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों वाहन बरामद कर लिए।



































