HARYANA NEWS. हरियाणा के पलवल और गुरुग्राम से जुड़ा दो महिलाओं के लापता होने का मामला चर्चा में है। बचपन की दो सहेलियां अपने-अपने पतियों के घर से चार बच्चों के साथ अचानक गायब हो गईं। दोनों के पति आरोप लगा रहे हैं कि महिलाओं के बीच पिछले करीब डेढ़ साल से करीबी संबंध थे और उन्होंने आपस में शादी कर ली है। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है। मामले में दोनों महिलाओं के पति अपनी-अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे हैं। पुलिस दोनों महिलाओं और चारों बच्चों की तलाश कर रही है। महिलाओं के मिलने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दोनों सहेलियां बच्चों के साथ हुईं लापता
पलवल निवासी सन्नी के मुताबिक, उसकी शादी वर्ष 2020 में बल्लभगढ़ निवासी मंजू से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। सन्नी का कहना है कि 21 अगस्त को मंजू अपने दोनों बच्चों के साथ घर से चली गई। उसके मुताबिक, घर से करीब 4 लाख रुपये के सोने के जेवर भी गायब मिले।मंजू की तलाश के दौरान जब उसके पति ने उसकी बचपन की सहेली रीणा के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह भी अपने पति और बच्चों के साथ घर पर नहीं है। रीणा की शादी वर्ष 2020 में गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र निवासी वेदपाल से हुई थी। उनके भी दो बच्चे हैं। वेदपाल का आरोप है कि रीणा घर से करीब 5 लाख रुपये के जेवर और कुछ नकदी लेकर गई है।

मोबाइल चैट से गहराया शक
सन्नी के अनुसार, मंजू और रीणा बचपन की सहेलियां हैं और दोनों ने 12वीं कक्षा तक साथ पढ़ाई की है। परिवार के लोगों को दोनों की फोन पर होने वाली लंबी बातचीत पहले सामान्य दोस्ती लगती थी।दोनों के एक साथ बच्चों समेत घर से चले जाने के बाद परिवार वालों ने उनकी बातचीत और मोबाइल चैट की जानकारी खंगाली। पतियों का दावा है कि कुछ चैट में दोनों एक-दूसरे को प्यार भरे नामों से संबोधित करती थीं और लंबे समय तक बातचीत करती थीं। इन्हीं चैट को आधार बनाकर दोनों महिलाओं के पति उनके बीच प्रेम संबंध होने का दावा कर रहे हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस ने भी इसे आधिकारिक तौर पर सत्यापित नहीं किया है।

पतियों ने कहा- पत्नियां जहां रहें, बच्चों को सुरक्षित लौटाया जाए
दोनों महिलाओं के पतियों का कहना है कि उन्हें अपनी पत्नियों के साथ रहने को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। उनकी सबसे बड़ी चिंता चार बच्चों को लेकर है। उनका कहना है कि महिलाएं जहां भी हैं, वहां सुरक्षित रहें, लेकिन बच्चों को सुरक्षित वापस लाया जाए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी
पलवल की भवनकुंड चौकी पुलिस ने सन्नी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर महिलाओं और बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र की पुलिस भी वेदपाल की शिकायत पर महिला और उसके बच्चों की तलाश कर रही है।पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन समेत अन्य माध्यमों से दोनों महिलाओं का पता लगाने की कोशिश कर रही है।




































