RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजनीति में ‘सुपर CM’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच चल रहा पोस्टर और सोशल मीडिया वार अब रैप सॉन्ग तक पहुंच गया है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक रैप सॉन्ग जारी कर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधा है। इस रैप सॉन्ग के जरिए कांग्रेस शासनकाल के दौरान सामने आए कथित घोटालों और राजनीतिक विवादों को लेकर तंज कसा गया है।

भाजपा ने रैप सॉन्ग साझा करते हुए लिखा, ‘सुपर CM, सुपर पावर, सुपर घोटाला, छत्तीसगढ़ का जिसने निकाला दिवाला।’ रैप सॉन्ग में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़े विभिन्न विवादों का जिक्र किया गया है। इसमें तत्कालीन सरकार के दौरान चर्चित अधिकारी सौम्या चौरसिया का भी उल्लेख किया गया है।
भाजपा के इस रैप सॉन्ग के सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत में ‘सुपर CM’ को लेकर बयानबाजी फिर तेज हो गई है। भाजपा जहां रैप के जरिए कांग्रेस पर हमला बोल रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे भाजपा सरकार की नाकामियों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।

‘भाजपा को अपनी TRP बढ़ानी है’- दीपक बैज
भाजपा के रैप सॉन्ग पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपनी TRP बढ़ानी है, इसलिए पोस्टर और वीडियो जारी किए जा रहे हैं। बैज के मुताबिक, सरकार के पास जनता के मुद्दों पर बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए इस तरह के पोस्टर और वीडियो के जरिए टाइम पास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को पोस्टर जारी करने के बजाय अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि सरकार ने जनता के लिए क्या काम किया है और उसकी उपलब्धियां क्या हैं, इसकी जानकारी भाजपा को देनी चाहिए।

‘सुपर CM तो कौशल्या भाभी हैं’
दीपक बैज ने भाजपा सरकार में ‘सुपर CM’ को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “सुपर CM तो हमारी कौशल्या भाभी हैं। कौशल्या भाभी तो खुद कह रही हैं कि मैं सुपर CM हूं।”
बैज ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी को लेकर भी ‘सुपर CM’ का तंज कसा। वहीं, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान चर्चित अधिकारी सौम्या चौरसिया के भाजपा द्वारा किए गए उल्लेख पर उन्होंने कहा कि “सौम्या चौरसिया तो एक अधिकारी थीं।”

इस तरह भाजपा के रैप सॉन्ग के बाद छत्तीसगढ़ में ‘सुपर CM’ का राजनीतिक मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है और दोनों प्रमुख दल सोशल मीडिया के साथ-साथ बयानों के जरिए एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।





































