NEW DELHI/RAIPUR NEWS. दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में इमारत गिरने से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोगों को बचाया गया है। 5 लोग गंभीर घायल हैं, जिन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू डॉग और कैमरे के सहायता से लोगों की तलाश की जा रही है। यह इमारत करीब 40 साल पुरानी थी। इस हादसे के बाद छत्तीसगढ़ के बेमेतरा निवासी एक मेडिकल छात्र के लापता होने की खबर से परिवार और परिचितों की चिंता बढ़ गई है। युवराज सोनी हादसे के बाद से संपर्क में नहीं हैं।

युवराज मेडिकल की पढ़ाई के लिए दिल्ली गया था और वहां किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद से युवराज से संपर्क नहीं हो पाया है। उसके मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो रहा, जिसके बाद परिवार के लोग लगातार उसकी जानकारी जुटाने और तलाश करने में लगे हुए हैं। अभी तक युवराज के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। युवराज सोनी भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष नितेश सोनी के छोटे भाई बताए जा रहे हैं।

हादसे की जानकारी सामने आने के बाद से परिवार और परिचितों में बेचैनी का माहौल है। परिजन युवराज के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल परिवार की ओर से युवराज के संबंध में हर संभावित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। युवराज की तलाश जारी है और परिवार को उसके सुरक्षित मिलने का इंतजार है। बता दें कि बिल्डिंग के मालिक का नाम हरिराम बंसल है, जो गुरुग्राम में रहता है। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं FIR दर्ज कर ली है।

गौरतलब है कि दिल्ली मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि 4 मंजिल से ज्यादा वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील किया जाएगा। दोषी अधिकारियों को बर्खास्त किया जाएगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन में पीजी गिरने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। 6 सितंबर के MCD के एक ऑर्डर में सत्य निकेतन में बनी सभी जर्जर और खतरनाक इमारतों को गिराने का नोटिस लगा दिया गया है।

































