RAIPUR NEWS. रायपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर घोषित शुष्क दिवस के बावजूद शराब बेचने का मामला सामने आया है। मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को जिले में शुष्क दिवस घोषित था और शराब की बिक्री व परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बेची जा रही है।

रात 10:30 बजे पकड़ी गई शराब बिक्री
मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस टीम ने बार की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने कथित तौर पर बार से शराब निकालकर बेचने की गतिविधि पकड़ी। मौके से संचालक पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने उसके कब्जे से 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल बरामद की, जिसकी कीमत 1,150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से मिले 2,300 रुपये नकद भी बरामद हुए। कुल जब्ती 3,450 रुपये की बताई गई है।

युवक कांग्रेस से जुड़ा है बार संचालक
पुलिस के अनुसार, पलाश मल्होत्रा पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस का अध्यक्ष रह चुका है। वर्तमान में वह प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस के पद का प्रत्याशी बताया जा रहा है। शुष्क दिवस पर शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक चर्चा में भी आ गया है।
गार्ड की भूमिका की भी जांच
पुलिस अब बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच कर रही है। शराब बाहर निकालने और ग्राहकों तक पहुंचाने में उसकी कथित भूमिका को लेकर अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की ओर से मामले में आबकारी विभाग को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। बार के लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी। लाइसेंस पर अंतिम फैसला आबकारी विभाग के स्तर पर होगा।




































