iPhone का ऐसा चढ़ा जुनून! दादा के घर चोरी से लेकर गांजा तस्करी तक, दो राज्यों की हैरान करने वाली कहानी..

एक मामले में नया iPhone खरीदने की चाहत में नाबालिग ने कथित तौर पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर दादा के घर चोरी की, जबकि दूसरे मामले में प्रेमिका को जन्मदिन पर iPhone गिफ्ट करने के लिए युवक पर गांजा तस्करी में शामिल होने का आरोप लगा है।

Maharashtra News: महंगे iPhone का क्रेज युवाओं और किशोरों पर किस कदर हावी हो रहा है, इसकी दो चौंकाने वाली घटनाएं महाराष्ट्र और तेलंगाना से सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, एक मामले में नया iPhone खरीदने की चाहत में नाबालिग ने कथित तौर पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर दादा के घर चोरी की, जबकि दूसरे मामले में प्रेमिका को जन्मदिन पर iPhone गिफ्ट करने के लिए युवक पर गांजा तस्करी में शामिल होने का आरोप लगा है। दोनों घटनाओं ने पुलिस को भी हैरान किया है और सोशल मीडिया पर दिखावे तथा महंगी चीजों की चाहत को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

दादा के घर से लाखों के गहने चोरी

पहला मामला महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के वानी क्षेत्र के कनकवाड़ी का है। पुलिस के मुताबिक, 20-21 अगस्त की दरमियानी रात बंदू बोधले के घर में चोरी हुई थी। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब 52 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए, जिनकी कीमत लगभग 6.72 लाख रुपये बताई गई।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो मामले की दिशा देखकर अधिकारी भी चौंक गए। पुलिस के अनुसार, चोरी में किसी बाहरी गिरोह के बजाय घर के ही नाबालिग पोते की भूमिका सामने आई।

iPhone खरीदना चाहता था नाबालिग

पुलिस जांच के मुताबिक, नाबालिग नया iPhone खरीदना चाहता था, लेकिन उसके पास इसके लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। उसने अपनी इच्छा अपने दो दोस्तों गुणवंत उर्फ पोलार्ड दानव और सूरज गेदम के सामने रखी। आरोप है कि दोस्तों ने उसे अपने ही दादा के घर चोरी करने का सुझाव दिया। इसके बाद नाबालिग ने कथित तौर पर घर की लोहे की अलमारी तोड़कर सोने के गहने निकाल लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के गहनों को बेचने के लिए नागपुर या चंद्रपुर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने संविधान चौक के पास गुणवंत और नाबालिग को पकड़ लिया। वहीं, दूसरा आरोपी सूरज गेदम पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है।

प्रेमिका के जन्मदिन पर iPhone देने के लिए बना तस्कर!

दूसरा मामला तेलंगाना के खम्मम जिले के वायरा क्षेत्र से सामने आया है। यहां पुलिस और ईगल टीम ने 21 वर्षीय चैतन्य और उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका हेमलता को कथित तौर पर 12 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि हेमलता का जन्मदिन करीब था और चैतन्य ने उसे सरप्राइज के तौर पर नया iPhone देने का वादा किया था। आरोप है कि iPhone खरीदने के लिए पैसे जुटाने के इरादे से उसने गांजा तस्करी का रास्ता अपनाया।


ओडिशा से गांजा लेकर लौट रहा था कपल

पुलिस के मुताबिक, चैतन्य का संपर्क करीमनगर के गांजा तस्करों से था। वह अपनी प्रेमिका को पल्सर बाइक पर लेकर ओडिशा गया, जहां से कथित तौर पर करीब 12 किलो गांजा खरीदा गया। इसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई गई है। दोनों गांजा लेकर तेलंगाना लौट रहे थे। वायरा के पास ईगल टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस का आरोप है कि चैतन्य ने बाइक से पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने गांजा और बाइक को भी जब्त कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, चैतन्य के खिलाफ पहले से गांजा तस्करी के चार मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है।

iPhone की चाहत बनी मुसीबत

यवतमाल और खम्मम की दोनों घटनाओं में परिस्थितियां अलग हैं, लेकिन पुलिस के मुताबिक एक बात समान है-महंगे iPhone को हासिल करने की चाहत। एक मामले में नाबालिग पर परिवार के घर में चोरी का आरोप लगा, तो दूसरे में युवक कथित तौर पर अवैध नशे के कारोबार में शामिल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है और आगे की जांच जारी है।

You may have missed