RAJNANDGAON NEWS . राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। वन रक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला का करीब चार साल तक कथित तौर पर शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने 48 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर पीड़िता के परिवार से पैसे भी लिए थे।आरोपी की पहचान मोहम्मद सफदर खान, निवासी वार्ड क्रमांक 04, सीताबर्डी पठान पारा, थाना छुरिया के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को वन रक्षक के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। इसी सिलसिले में फार्म भरने के नाम पर पीड़िता का प्रवेश पत्र लिया गया। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उसके पिता से 43 हजार रुपये भी लिए गए।

शिकायत के मुताबिक, जब पीड़िता की नौकरी नहीं लगी तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे डराया-धमकाया और इसके बाद करीब चार वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता ने बाद में पूरे मामले की शिकायत छुरिया पुलिस से की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और प्रकरण से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।





































